कर्नाटक ने खाद्य सुरक्षा जांच का दायरा बढ़ाया, जन शिकायत के लिए क्यूआर कोड जारी
कर्नाटक ने खाद्य सुरक्षा जांच का दायरा बढ़ाया, जन शिकायत के लिए क्यूआर कोड जारी
बेंगलुरु, 17 अगस्त (भाषा) कर्नाटक के मंत्री यू टी खादर ने सोमवार को खाद्य एवं औषधि सुरक्षा उल्लंघनों की शिकायत दर्ज कराने के लिए एक ‘क्यूआर कोड’ प्रणाली की शुरुआत की। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अब खाद्य सुरक्षा जांच का दायरा छात्रावासों, शैक्षणिक संस्थानों, रेलवे कैंटीन, विमान खानपान सेवाओं और अन्य प्रतिष्ठानों तक बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने हाल ही में राज्यभर में की गई जांच के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) के आयुक्त श्रीनिवास के. और उनकी टीम को सम्मानित किया।
यहां संवाददाताओं से बातचीत में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जांच के निर्देश मिलने के बाद विभाग ने त्वरित कार्रवाई की है।
उन्होंने कहा, ‘हमारे कर्मचारियों के कुशल कार्य के कारण सरकार ने जनता के बीच अच्छी साख बनाई है। हम उन्हें सम्मानित, प्रोत्साहित और उनका समर्थन करना चाहते हैं क्योंकि वे ही सरकार का चेहरा हैं।’
खादर ने कहा कि नया क्यूआर कोड होटलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों के बाहर प्रदर्शित किया जाएगा, साथ ही इसे सोशल मीडिया मंचों पर भी साझा किया जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘हम शिकायतों के पहुंचने का इंतजार नहीं करना चाहते। हम हर जगह मौजूद रहकर खुद सब कुछ जांच नहीं सकते। इसलिए हमने एक क्यूआर कोड तैयार किया है। खाद्य सुरक्षा या दवा और फार्मेसी से जुड़े उल्लंघनों के संबंध में कोई भी सूचना या शिकायत मिलने पर इसका उपयोग कर लोग हम तक शिकायत पहुंचा सकते हैं।’
उन्होंने दावा किया कि कर्नाटक ऐसा तंत्र शुरू करने वाला देश का पहला राज्य है।
मंत्री ने कहा कि जल्द ही एक टोल-फ्री नंबर और एक समर्पित सहायता कक्ष भी स्थापित किया जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘हम एक नंबर जारी करेंगे और एक समर्पित टीम तैनात करेंगे ताकि यदि कोई किसी भी क्षेत्र से शिकायत के लिए फोन करता है, तो टीम वहां जाकर जांच कर सके और उचित कार्रवाई कर सके। इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को विभाग तक आसान और सीधा संपर्क प्रदान करना है।’
उन्होंने बताया कि राज्यभर में जांच करने के लिए विभिन्न जिलों के अधिकारियों को मिलाकर 30 टीमें गठित की गई हैं।
भाषा सुमित अविनाश
अविनाश

Facebook


