कर्नाटक सरकार ने ‘राउडी स्क्वॉड’ गठित करने का फैसला किया

Ads

कर्नाटक सरकार ने 'राउडी स्क्वॉड' गठित करने का फैसला किया

  •  
  • Publish Date - June 7, 2026 / 10:26 PM IST,
    Updated On - June 7, 2026 / 10:26 PM IST

बेंगलुरु, सात जून (भाषा) कर्नाटक सरकार ने गुंडागर्दी पर अंकुश लगाने और ऐसे तत्वों पर लगातार नजर रखने के उद्देश्य से प्रत्येक पुलिस सर्कल और थाना क्षेत्र में एक समर्पित ‘राउडी स्क्वॉड’ के गठन का निर्णय लिया है।

प्रत्येक पुलिस सर्कल में यह दस्ता सर्कल इंस्पेक्टर की देखरेख में होगा, पुलिस थानों में एक अलग थाना स्तरीय ‘राउडी स्क्वॉड’ का भी गठन किया जाएगा, जिसका नेतृत्व एक निरीक्षक करेगा।

कर्नाटक के पुलिस महानिदेशक एम ए सलीम द्वारा पांच जून को जारी एक परिपत्र के माध्यम से इस संबंध में निर्देश दिए गए।

परिपत्र में कहा गया है कि स्थानीय आवश्यकताओं और अपराध की स्थिति को ध्यान में रखते हुए संबंधित उपमंडल पुलिस अधिकारी/एसीपी द्वारा दस्ते की संरचना तय की जाएगी।

राज्य के शीर्ष नौकरशाहों और पुलिस अधिकारियों के साथ चार जून को हुई बैठक में मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने निर्देश दिया था कि प्रत्येक तालुक में उपद्रवी तत्वों पर नजर रखने के लिए एक अलग दस्ता होना चाहिए।

ये दस्ते निवारक कार्रवाई शुरू करेंगे, जैसे कि पीएआर (निवारक कार्रवाई रिपोर्ट), गुंडा अधिनियम, कर्नाटक संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (केसीओसीए) का कार्यान्वयन और निष्कासन प्रक्रियाएं और उपद्रवी तत्वों के खिलाफ वारंट, बांड और अन्य कानूनी कार्यवाही का प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित करेंगे।

भाषा राखी नरेश

नरेश