कर्नाटक के राज्यपाल ने केपीएससी के अध्यक्ष साहूकार को फिर निलंबित किया

कर्नाटक के राज्यपाल ने केपीएससी के अध्यक्ष साहूकार को फिर निलंबित किया

कर्नाटक के राज्यपाल ने केपीएससी के अध्यक्ष साहूकार को फिर निलंबित किया
Modified Date: August 25, 2026 / 08:15 pm IST
Published Date: August 25, 2026 8:15 pm IST

बेंगलुरु, 25 अगस्त (भाषा) कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने भ्रष्टाचार और बड़े पैमाने पर अनियमितताओं के आरोपों के चलते कर्नाटक लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष शिवशंकरप्पा एस. साहूकार को राज्य मंत्रिमंडल की सलाह पर मंगलवार को निलंबित कर दिया।

यह दूसरी बार है जब शिवशंकरप्पा को निलंबित किया गया है।

राज्यपाल ने 13 जुलाई को साहूकार को निलंबित कर दिया था लेकिन कर्नाटक उच्च न्यायालय ने इस आधार पर आदेश को रद्द कर दिया कि इस कार्रवाई में ‘राज्य मंत्रिमंडल की सलाह और मदद’ शामिल नहीं थी।

राज्य मंत्रिमंडल ने 21 अगस्त को उन्हें निलंबित करने की सिफारिश करने का फैसला किया।

राज्यपाल के विशेष सचिव प्रभु शंकर की ओर से जारी बयान में कहा गया है, ‘‘कर्नाटक उच्च न्यायालय के 18 अगस्त के आदेश के अनुसार, राज्यपाल ने राज्य मंत्रिमंडल की सलाह पर 21 अगस्त को कर्नाटक लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष शिवशंकरप्पा एस. साहूकार को संविधान के अनुच्छेद 317 (2) के तहत, भारत के राष्ट्रपति के अगले आदेश तक निलंबित कर दिया है।’’

बयान में कहा गया है कि इसके अलावा, कर्नाटक लोक सेवा आयोग के सबसे वरिष्ठ सदस्य को अगले आदेश तक आयोग के अध्यक्ष के तौर पर काम करने का निर्देश दिया गया है।

साहूकार को राज्यपाल ने तब निलंबित कर दिया था जब उन पर अपनी दो बेटियों को औद्योगिक विस्तार अधिकारी के तौर पर कथित तौर पर गैर-कानूनी तरीके से चुने जाने में मदद करने का आरोप लगा था।

पशुचिकित्सकों की भर्ती में भी बड़े पैमाने पर गड़बड़ी के आरोप लगे थे।

भाषा राजकुमार नरेश

नरेश


लेखक के बारे में