कर्नाटक में मंत्रियों को विभाग वितरित, राज्यपाल आज रात अधिसूचना जारी करेंगे : शिवकुमार

Ads

कर्नाटक में मंत्रियों को विभाग वितरित, राज्यपाल आज रात अधिसूचना जारी करेंगे : शिवकुमार

  •  
  • Publish Date - June 4, 2026 / 10:45 PM IST,
    Updated On - June 4, 2026 / 10:45 PM IST

(फोटो के साथ)

बेंगलुरु, चार जून (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनके नवगठित मंत्रिमंडल के लिए विभागों को अंतिम रूप दे दिया गया है और राज्यपाल थावरचंद गहलोत इसे औपचारिक रूप से अधिसूचित करेंगे।

शिवकुमार ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘(विभागों के) आवंटन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। राज्यपाल आज रात अधिसूचना जारी करेंगे।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने पार्टी द्वारा जारी सभी निर्देशों का पालन किया है।

शिवकुमार ने कनकपुरा विधानसभा क्षेत्र के लोगों से भी अपील की कि वे उनसे मिलने के लिए बेंगलुरु न आएं।

शिवकुमार कनकपुरा विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं रविवार को कनकपुरा में रहूंगा। कृपया सहयोग करें। (राज्यसभा और विधान परिषद चुनावों के लिए) नामांकन दाखिल किये जाने के कारण मैं आठ जून तक व्यस्त रहूंगा।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, राज्यसभा चुनावों के लिए पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया में शामिल होने के लिए बेंगलुरु आएंगे।

शिवकुमार ने कहा कि विधान परिषद के उम्मीदवार भी अपना नामांकन दाखिल करेंगे।

शुक्रवार को विधान परिषद के चार उम्मीदवार नामांकन पत्र दाखिल करेंगे और पार्टी के सहयोगियों से चर्चा के बाद पांचवें उम्मीदवार के नाम की घोषणा की जाएगी।

कांग्रेस सूत्रों ने कहा कि विभागों के आवंटन में देरी कुछ मंत्रियों के बीच उन्हें सौंपे गये विभागों को लेकर असंतोष के कारण हुई है।

सूत्रों ने बताया कि बेंगलुरु के बीटीएम लेआउट विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले रामलिंगा रेड्डी बेंगलुरु विकास विभाग चाहते थे।

सूत्रों ने बताया कि शिवकुमार बेंगलुरु विकास विभाग ब्यातरायनपुरा से विधायक कृष्णा बायरे गौड़ा को सौंपना चाहते थे।

कांग्रेस सूत्रों के अनुसार रेड्डी ने शिवकुमार के समक्ष अपनी नाराजगी खुलकर व्यक्त की है।

इस बीच सूत्रों ने संकेत दिया है कि मंत्रिमंडल का अगले चरण का विस्तार 10 जून को हो सकता है, हालांकि कांग्रेस नेतृत्व ने कार्यक्रम की पुष्टि नहीं की है।

भाषा

देवेंद्र सुभाष

सुभाष