नई दिल्ली। KS Bharat Retirement: भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज केएस भरत ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। गुरुवार को सोशल मीडिया के जरिए संन्यास की घोषणा करते हुए भरत ने अपने क्रिकेट सफर को याद किया और कहा कि देश का प्रतिनिधित्व करना उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है। आंध्र प्रदेश से आने वाले 32 वर्षीय भरत उन खिलाड़ियों में शामिल रहे, जिन्होंने घरेलू क्रिकेट में वर्षों तक लगातार प्रदर्शन कर भारतीय टीम तक का सफर तय किया। लंबे इंतजार के बाद उन्हें 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान टेस्ट डेब्यू का मौका मिला। ऋषभ पंत की गैरमौजूदगी में टीम प्रबंधन ने उन पर भरोसा जताया था।
विकेटकीपर बल्लेबाज केएस भरत ने सोशल मीडिया पर लिखा कि “गर्व और कृतज्ञता के साथ मैं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा करता हूं। अपने देश का प्रतिनिधित्व करना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है।” उन्होंने अपने संदेश में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई), आंध्र क्रिकेट एसोसिएशन, वाइजैग डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (वीडीसीए) और अपने परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही पूर्व कप्तान विराट कोहली, रोहित शर्मा और पूर्व मुख्य कोच राहुल द्रविड़ का विशेष रूप से धन्यवाद किया।
KS Bharat Retirement: केएस भरत को लंबे इंतजार के बाद भारतीय टेस्ट टीम में मौका मिला था। उन्होंने साल 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था। ऋषभ पंत की गैरमौजूदगी में उन्हें विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में टीम में शामिल किया गया था। भरत ने भारत के लिए कुल सात टेस्ट मैच खेले, जिनमें 20.09 की औसत से 221 रन बनाए। उनका अंतिम टेस्ट मैच फरवरी 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ विशाखापत्तनम में खेला गया था। हालांकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उन्हें सीमित अवसर मिले, लेकिन घरेलू क्रिकेट में उनका प्रदर्शन लगातार प्रभावशाली रहा। आंध्र प्रदेश की ओर से खेलते हुए उन्होंने कई यादगार पारियां खेलीं और विकेटकीपर के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनके शानदार रिकॉर्ड और निरंतर प्रदर्शन ने उन्हें राष्ट्रीय टीम तक पहुंचाया।