कर्नाटक: स्वास्थ्य मंत्री ने विधानसभा में गतिरोध उत्पन्न करने पर विपक्ष की आलोचना की

Ads

कर्नाटक: स्वास्थ्य मंत्री ने विधानसभा में गतिरोध उत्पन्न करने पर विपक्ष की आलोचना की

  •  
  • Publish Date - August 22, 2026 / 05:04 PM IST,
    Updated On - August 22, 2026 / 05:04 PM IST

मंगलुरु, 22 अगस्त (भाषा) कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री यूपी खादर ने शनिवार को राज्य विधानसभा की कार्यवाही में बाधा डालने को लेकर विपक्ष की आलोचना करते हुए कहा कि सत्र का इस्तेमाल जनता के मुद्दों पर चर्चा के लिए किया जाना चाहिए, न कि लोगों के पैसे की बर्बादी के लिए।

खादर ने यहां संवाददाताओं से कहा कि विरोध करना गलत नहीं है, लेकिन सदन की कार्यवाही रोकना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि विधानसभा जनता की समस्याओं पर चर्चा करने का मंच है और कार्यवाही में व्यवधान डालने से जनता का पैसा बर्बाद होता है।

स्वास्थ्य मंत्री ने नकली दवाओं के नेटवर्क के संबंध में कहा कि नकली दवाओं का निर्माण और बिक्री एक गंभीर समस्या है तथा यह केवल कर्नाटक तक सीमित नहीं है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश और तेलंगाना में अवैध रूप से दवाओं के निर्माण एवं प्रतिष्ठित कंपनियों के नाम पर उनकी बिक्री के मामले सामने आए हैं।

खादर ने बताया कि इस मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सरकार होटल और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर क्यूआर कोड आधारित व्यवस्था शुरू कर रही है, जिसके माध्यम से लोग खाद्य पदार्थों एवं दवाओं की गुणवत्ता से जुड़ी शिकायतें सीधे दर्ज करा सकेंगे।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार तालुका स्तर पर निगरानी दल गठित करने पर भी विचार कर रही है।

उन्होंने कहा कि नकली पनीर, कृत्रिम रंगों और निकोटिन युक्त गुटखा एवं पान मसाला के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

भाषा सं राजेंद्र जितेंद्र

जितेंद्र