कर्नाटक: यतींद्र ने पिता सिद्धरमैया के चुनावी राजनीति छोड़ने के फैसले का समर्थन किया

Ads

कर्नाटक: यतींद्र ने पिता सिद्धरमैया के चुनावी राजनीति छोड़ने के फैसले का समर्थन किया

  •  
  • Publish Date - July 27, 2026 / 04:50 PM IST,
    Updated On - July 27, 2026 / 04:50 PM IST

मैसुरु, 27 जुलाई (भाषा) कर्नाटक सरकार में मंत्री यतींद्र ने सोमवार को कहा कि उनके पिता एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धरमैया 2028 का विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने के अपने फैसले पर कायम हैं।

यतींद्र ने यह भी कहा कि एक बेटे के रूप में उनका अपने पिता को इस फैसले को बदलने के लिए मनाने का कोई इरादा नहीं है। यतींद्र ने कहा कि 80 वर्ष की उम्र में पहुंच रहे उनके पिता के स्वास्थ्य को वह प्राथमिकता देते हैं।

सिद्धरमैया ने एक दिन पहले ही बढ़ती उम्र और राजनीति के ‘‘बहुत अधिक खराब हो जाने’’ का हवाला देते हुए 2028 के विधानसभा चुनाव से दूर रहने की बात कही थी, जिसके बाद यतींद्र का यह बयान आया है।

यतींद्र ने हालांकि कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री सक्रिय राजनीति में पूरी तरह जुड़े रहेंगे और समाज के कमजोर वर्गों के लिए अपनी आवाज उठाते रहेंगे।

यतींद्र ने यहां पत्रकारों से कहा, “पहले भी मेरे पिता ने यही बात कही थी। यहां तक कि जब वह मुख्यमंत्री थे, तब भी उन्होंने कहा था कि वह 2028 का विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। इसलिए, वह पहले ही फैसला कर चुके हैं और हम सभी को उनके फैसले का सम्मान करना चाहिए।”

सिद्धरमैया से अपना फैसला बदलने के लिए समर्थकों के बढ़ते दबाव के बारे में पूछे जाने पर यतींद्र ने कहा कि चुनावी राजनीति छोड़ने के बावजूद उनके पिता सक्रिय राजनीति में बने रहेंगे और शोषित एवं कमजोर वर्गों से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज उठाते रहेंगे।

यह पूछे जाने पर कि क्या वह सिद्धरमैया को अगला चुनाव लड़ने के लिए मनाएंगे, यतींद्र ने कहा, “जब उनके पिता कोई पक्का फैसला कर लेते हैं, तो कोई भी उसे बदलवा नहीं सकता।”

उन्होंने कहा, “एक बेटे के रूप में मैं भी चाहता हूं कि 80 वर्ष की उम्र में पहुंच रहे मेरे पिता काम और अन्य चीजों के लिए अपने स्वास्थ्य की अनदेखी करने के बजाय अपने स्वास्थ्य पर ध्यान दें। इसलिए मैं उन्हें मनाने की कोशिश नहीं करूंगा।”

सिद्धरमैया वर्तमान में मैसूरु की वरुणा विधानसभा सीट से विधायक हैं।

भाषा जितेंद्र नरेश अमित

अमित