कर्नाटक लोकायुक्त ने आठ सरकारी अधिकारियों के परिसरों पर छापेमारी की
कर्नाटक लोकायुक्त ने आठ सरकारी अधिकारियों के परिसरों पर छापेमारी की
बेंगलुरु, 22 सितंबर (भाषा) कर्नाटक लोकायुक्त के अधिकारियों ने कथित रूप से आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति रखने के मामले में मंगलवार को आठ सरकारी अधिकारियों से जुड़े कई परिसरों पर छापेमारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि जिन अधिकारियों के परिसरों पर छापा मारा गया है उनमें चिक्कबल्लापुर उपायुक्त कार्यालय में कार्यरत प्रथम श्रेणी सहायक (एफडीए) दर्शन गौड़ा, बृहद बेंगलुरु महानगर पालिका (बीबीएमपी) के सेवानिवृत्त सहायक कार्यकारी अभियंता (एईई) रंगनाथ एच. एम., बेंगलुरु की जिला रजिस्ट्रार श्रीदेवी और मदिकेरी के नगर आयुक्त एच. आर. रमेश शामिल हैं।
अन्य अधिकारियों में हुब्बली विद्युत आपूर्ति कंपनी लिमिटेड (एचईएसकॉम) के सहायक कार्यकारी अभियंता (एईई) किरण कुमार बैंदूर, गुलबर्गा विद्युत आपूर्ति कंपनी लिमिटेड (जीईएसकॉम) की सहायक कार्यकारी अभियंता राजेश्वरी, कृषि विभाग के सहायक निदेशक माणिक राव और मांड्या के पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग में छात्रावास अधीक्षक शिवराजू शामिल हैं।
लोकायुक्त के अधिकारियों ने कहा कि ये छापेमारी अधिकारियों द्वारा कथित रूप से आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित किए जाने से जुड़े मामले के तहत की गई।
भाषा तान्या सिम्मी
सिम्मी

Facebook


