जम्मू-कश्मीर के सांबा से दिल्ली जा रही ट्रेन के चालक के केबिन का शीशा टूटा, जांच जारी
जम्मू-कश्मीर के सांबा से दिल्ली जा रही ट्रेन के चालक के केबिन का शीशा टूटा, जांच जारी
जम्मू, 22 सितंबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले से गुजरते समय दिल्ली जा रही एक ट्रेन के चालक के केबिन का एक शीशा रहस्यमय तरीके से टूट गया, जिसके बाद रेलवे पटरी के किनारे बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने कहा कि प्रारंभिक जांच में तोड़फोड़ की आशंका से इनकार किया गया है और घटना के सही कारण का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
उन्होंने बताया कि ट्रेन सोमवार देर रात जम्मू तवी रेलवे स्टेशन से दिल्ली रवाना हुई थी लेकिन वह सोमवार रात करीब 9:10 बजे सांबा रेलवे स्टेशन पर रुक गई।
अधिकारियों ने बताया कि जिले के विजयपुर इलाके से ट्रेन के गुजरने के दौरान किसी वस्तु के लगने से शीशा टूट गया, जिसके बाद लोको पायलट ने स्टेशन मास्टर के पास शिकायत दर्ज कराई।
उन्होंने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। घटना से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाने के लिए राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के साथ मिलकर रेलवे पटरी के किनारे तलाशी अभियान चलाया गया।
घटना के समय पास के एक इलाके में विवाह समारोह आयोजित होने की खबर है। हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि शीशा किस वजह से टूटा।
अधिकारियों ने बताया कि जरूरी मरम्मत के बाद ट्रेन रात करीब 9:30 बजे फिर से रवाना हुई।
भाषा तान्या सिम्मी
सिम्मी

Facebook


