कर्नाटक: विधायक जीटी देवेगौड़ा ने जदएस के पहले परिवार के खिलाफ शक्ति प्रदर्शन करते हुए जुलूस निकाला

Ads

कर्नाटक: विधायक जीटी देवेगौड़ा ने जदएस के पहले परिवार के खिलाफ शक्ति प्रदर्शन करते हुए जुलूस निकाला

  •  
  • Publish Date - September 6, 2026 / 04:40 PM IST,
    Updated On - September 6, 2026 / 04:40 PM IST

मैसुरु, छह सितंबर (भाषा) जनता दल सेक्युलर (जदएस) के पहले परिवार के खिलाफ शक्ति प्रदर्शन के तौर पर विधायक जीटी देवेगौड़ा ने रविवार को पार्टी नेताओं के पोस्टर या नाम के बिना एक बड़ा जुलूस निकाला।

जीटी देवेगौड़ा ने दावा किया कि उनके निर्वाचन क्षेत्र के लोगों की बड़ी संख्या में मौजूदगी उनके प्रति लोगों के स्नेह और समर्थन को दर्शाती है।

यह घटनाक्रम जदएस के दूसरे प्रमुख नेता एचडी कुमारस्वामी के साथ उनके मतभेदों के बीच हुआ है।

कुमारस्वामी ने हाल में कहा था कि निर्वाचन क्षेत्र में देवेगौड़ा की जीत किसी एक व्यक्ति की वजह से नहीं हुई।

देवेगौड़ा ने कहा, “तीन साल से मेरी अपनी पार्टी के लोग मेरा अपमान कर रहे हैं। विधायक होने के बावजूद मुझे पार्टी के किसी कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किया गया। यह जुलूस उसी अपमान का जवाब देने के लिए निकाला जा रहा है।”

उन्होंने कहा, “यह मेरा शक्ति प्रदर्शन नहीं है, बल्कि लोगों के प्यार का प्रतीक है।”

मैसूरु में चामुंडेश्वरी विधानसभा क्षेत्र से हजारों समर्थकों ने कोटे अंजनैया स्वामी मंदिर से जेके मैदान तक निकाले गए इस विशाल जुलूस में हिस्सा लिया।

हाल में राज्य सहकारी संघ के अध्यक्ष बने देवेगौड़ा ने कहा कि पार्टी की ओर से उपेक्षित किए जाने के बावजूद लोगों ने उनका समर्थन किया।

उन्होंने कहा, “चामुंडेश्वरी विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने मुझसे कहा है कि मुझे एक कोने में बैठकर नहीं रहना चाहिए। उन्होंने मुझे अपना समर्थन देने का भरोसा दिलाया है।”

मैसूरु की प्रमुख सड़कों से होकर निकाले गये इस जुलूस में चामुंडेश्वरी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों के लोगों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया।

इस दौरान देवेगौड़ा का सेब की दो विशाल मालाओं और गुलाब की एक बड़ी माला से स्वागत किया गया।

इन मालाओं को जेसीबी मशीनों की मदद से उठाया गया था। पांच जेसीबी मशीनों के जरिये उन पर फूलों की बारिश की गई।

भाषा जितेंद्र संतोष

संतोष