कर्नाटक पुलिस ने फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर लोगों को ठगने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया

Ads

कर्नाटक पुलिस ने फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर लोगों को ठगने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया

  •  
  • Publish Date - October 22, 2020 / 02:03 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 07:55 PM IST

बेंगलुरू, 22 अक्टूबर (भाषा) विभिन्न हस्तियों एवं सरकारी अधिकारियों के फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर लोगों से ठगी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि इस सिलसिले में राजस्थान के भरतपुर के चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस की जांच में पता चला कि गिरोह फर्जी आधार कार्ड बनाकर सत्यापन प्रक्रिया को धता बताते हुए बड़ी संख्या में डुप्लीकेट सिम हासिल करता और फिर धन ऐंठ लेता था।

पुलिस ने यहां बयान जारी कर कहा कि अंसार, सद्दाम, बलविंदर सिंह और सैनी को गिरफ्तार कर लिया गया है वहीं उनका सहयोगी शकील फरार है।

उनकी गतिविधियों पर नजर रखने और जांच के बाद कर्नाटक सीआईडी की साइबर अपराध शाखा की पुलिस टीम भरतपुर पहुंची और चारों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि अंसार फर्जी आधार कार्ड अपलोड करता था और उन्हें सिम सत्यापन के लिए भेजता था।

पुलिस ने कहा कि एयरटेल का सिम वितरक बलविंदर सिंह सत्यापन प्रक्रिया को अंजाम दिए बगैर सिम कार्ड एक्टिवेट कर देता था और सैनी फर्जी आधार कार्ड बनाता था। उन्होंने कहा कि सद्दाम पैसे प्राप्त करता था।

जांच में पता चला कि शकील फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाता था।

भाषा नीरज नीरज पवनेश

पवनेश