कर्नाटक : सिद्धरमैया के समर्थकों ने इस्तीफे के उनके फैसले के खिलाफ प्रदर्शन किया

Ads

कर्नाटक : सिद्धरमैया के समर्थकों ने इस्तीफे के उनके फैसले के खिलाफ प्रदर्शन किया

  •  
  • Publish Date - May 28, 2026 / 04:20 PM IST,
    Updated On - May 28, 2026 / 04:20 PM IST

(तस्वीरों के साथ)

बेंगलुरु, 28 मई (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के समर्थकों ने पद से इस्तीफा देने के उनके फैसले के खिलाफ बृहस्पतिवार को राज्य के कई हिस्सों में प्रदर्शन किया।

बेंगलुरु में सिद्धरमैया के आधिकारिक आवास ‘कावेरी’ के बाहर भावुक दृश्य देखने को मिले, जहां बड़ी संख्या में समर्थक जमा हो गए और मुख्यमंत्री को घेरते हुए उनसे इस्तीफा न देने का आग्रह किया।

इस दौरान, सिद्धरमैया अपने समर्थकों को सांत्वना देने की कोशिश करते नजर आए।

जब सिद्धरमैया राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपने के लिए लोक भवन की ओर रवाना होने लगे, तो कुछ समर्थकों ने उनका वाहन रोकने का भी प्रयास किया।

शिवमोग्गा शहर में सिद्धरमैया के समर्थकों ने शिवप्पा नायक सर्कल पर प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व मुख्य रूप से कुरुबा समुदाय के सदस्यों ने किया।

मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के सिद्धरमैया के फैसले पर नाखुशी जाहिर करते हुए प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाए। उन्होंने सिद्धरमैया से पद पर बने रहने की मांग करते हुए उनके समर्थन में नारे भी लगाए।

यादगिर में सिद्धरमैया के कट्टर समर्थक राजकुमार गनीर ने सुभाष चंद्र सर्कल के पास मौन रखकर प्रदर्शन किया। गनीर ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के सिद्धरमैया के फैसले पर दुख जाहिर किया।

कर्नाटक के कानून मंत्री एचके पाटिल ने कहा कि सिद्धरमैया ने उन्हें और अन्य मंत्रियों को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के अपने फैसले की जानकारी दी और बताया कि उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार उनके उत्तराधिकारी होंगे।

पाटिल के मुताबिक, पार्टी आलाकमान ने शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाने के निर्देश दिए हैं और इस सिलसिले में विधायक दल की बैठक में उचित प्रक्रियात्मक कदम उठाए जाएंगे।

भाषा पारुल रंजन

रंजन