केरलम : मल्लापल्ली में चर्च के कब्रिस्तान से ग्रेनाइट की सिल्ली चोरी

Ads

केरलम : मल्लापल्ली में चर्च के कब्रिस्तान से ग्रेनाइट की सिल्ली चोरी

  •  
  • Publish Date - September 20, 2026 / 05:03 PM IST,
    Updated On - September 20, 2026 / 05:03 PM IST

पत्तनमथिट्ठा, 20 सितंबर (भाषा) केरलम के मल्लापल्ली इलाके में एक चर्च के कब्रिस्तान में कब्र से ग्रेनाइट की सिल्ली चोरी होने का मामला सामने आया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि यह जुलाई के बाद से इस इलाके के किसी कब्रिस्तान में चोरी की तीसरी घटना है।

उन्होंने बताया कि ताजा घटना मल्लापल्ली के पास अनिकाडु स्थित सेंट थॉमस मार थोमा चर्च में हुई जहां अन्नामा कुरियन की कब्र से छह फुट लंबी और तीन फुट चौड़ी काले ग्रेनाइट की एक सिल्ली चुरा ली गई।

अधिकारियों के मुताबिक, मामला रविवार सुबह सामने आया, जब लोग मृतकों की आत्मा की शांति की प्रार्थना के लिए कब्रिस्तान पहुंचे और सिल्ली को गायब पाया। उन्होंने घटना की जानकारी कीझवैपुर पुलिस को दी।

अधिकारियों ने बताया कि चोरी की ताजा घटना ऐसे समय में हुई है, जब पुलिस जुलाई में हुई दो ऐसी ही घटनाओं की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि इससे पहले कीझवैपुर थाना क्षेत्र के वेंगालासेरी इलाके में स्थित मार थॉमस चर्च और मंकुझिप्पाडी के जायन मार थोमा चर्च के कब्रिस्तान में कब्रों से ग्रेनाइट की सिल्ली चोरी होने की शिकायतें मिली थीं।

भाषा पारुल नरेश

नरेश