कर्नाटक: रिश्वत देकर पसंद के स्थान पर तैनाती की बातचीत सामने आने पर तीन उपनिरीक्षक निलंबित

Ads

कर्नाटक: रिश्वत देकर पसंद के स्थान पर तैनाती की बातचीत सामने आने पर तीन उपनिरीक्षक निलंबित

  •  
  • Publish Date - September 2, 2026 / 11:35 AM IST,
    Updated On - September 2, 2026 / 11:35 AM IST

कारवार (कर्नाटक), दो सितंबर (भाषा) कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले के हलियाल में कानून व्यवस्था उपनिरीक्षक के पद पर तैनाती के लिए रिश्वत देने संबंधी एक ऑडियो रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद तीन उपनिरीक्षकों को निलंबित कर दिया गया है।

लगभग दो मिनट के इस ऑडियो क्लिप में इन अधिकारियों को कथित तौर पर पदस्थापन के लिए पैसे देने संबंधी चर्चा करते हुए सुने जा सकता है। ये अधिकारी आपस में दोस्त हैं। उन्होंने कथित तौर पर एक ही तालुक में तैनाती पाने और साथ मिलकर पैसे कमाने के बारे में भी बात की।

उत्तर कन्नड़ के पुलिस अधीक्षक एम.एन. दीपन ने इस मामले में कार्रवाई का आदेश दिया और विभागीय जांच शुरू की।

जनता दल (सेक्युलर) के सोशल मीडिया प्रकोष्ठ द्वारा रिकॉर्डिंग साझा किए जाने के बाद से यह रिकॉर्डिंग वायरल हो गई है। पार्टी ने सत्तारूढ़ सरकार पर पुलिसकर्मियों की तैनाती में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है।

भाषा सुरभि शोभना

शोभना