जम्मू, दो सितंबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर बुधवार को यहां त्रिकुटा नगर स्थित भाजपा मुख्यालय की ओर मार्च करने की कोशिश कर रहे सत्तारूढ़ दल नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के दर्जनों कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।
प्रदर्शन का नेतृत्व नेकां के जम्मू प्रांतीय अध्यक्ष रतन लाल गुप्ता कर रहे थे। नेशनल कॉन्फ्रेंस के कार्यकर्ता त्रिकुटा नगर बाजार में एकत्र हुए और वे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय का घेराव करने के लिए आगे बढ़ रहे थे, लेकिन मौके पर तैनात भारी पुलिस बल ने उन्हें रोक लिया।
अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने अवरोधक पार करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। उन्हें दो वाहनों में बैठाकर जिला पुलिसलाइन ले जाया गया और भाजपा कार्यालय के प्रस्तावित घेराव को विफल कर दिया गया।
अधिकारियों के अनुसार, हिरासत में लिए गए प्रमुख नेताओं में रतन लाल गुप्ता, प्रांतीय सचिव शेख बशीर अहमद और पूर्व मंत्री अजय सदोत्रा शामिल हैं।
इससे पहले नेकां के एक प्रवक्ता ने कहा था कि पार्टी केंद्र सरकार द्वारा संसद और उच्चतम न्यायालय के समक्ष किए गए वादों पर जवाबदेही की मांग को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से भाजपा मुख्यालय का घेराव करेगी।
प्रवक्ता ने कहा, ‘‘हमारी मांगें स्पष्ट हैं – संवैधानिक गारंटी, राज्य का दर्जा बहाल करना, आरक्षण से जुड़ी फाइल को मंजूरी देना और जम्मू-कश्मीर के लोगों को न्याय दिलाना।’’
प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां ले रखी थीं, जिन पर लिखा था-‘‘भाजपा जम्मू-कश्मीर की आवाज उठाने में विफल रही’’, ‘‘राज्य का दर्जा बहाल करो’’, ‘‘भाजपा रोजगार पैकेज देने में विफल रही’’ और ‘‘भाजपा राज्य का दर्जा बहाल करने में बाधाएं पैदा कर रही है’’।
प्रवक्ता ने कहा कि लोगों से किए गए वादों को पूरा किया जाना चाहिए।
भाषा शोभना संतोष
संतोष