प्रधानमंत्री मोदी के 76वें जन्मदिन पर सवा लाख दीयों से रोशन होगा कर्तव्य पथ
प्रधानमंत्री मोदी के 76वें जन्मदिन पर सवा लाख दीयों से रोशन होगा कर्तव्य पथ
नयी दिल्ली, 16 सितंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिन के मौके पर राष्ट्रीय राजधानी के कर्तव्य पथ पर ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के तहत बृहस्पतिवार शाम को सवा लाख दिए जलाए जाएंगे। दिल्ली के मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने बुधवार को यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली के हर परिवार से बृहस्पतिवार शाम छह बजे से सात बजे के बीच अभियान के तहत दीया जलाने और मोदी के अच्छे स्वास्थ्य, दीर्घायु और मां भारती की सेवा में निरंतर शक्ति के लिए प्रार्थना करने की अपील की है।
बयान के मुताबिक, प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के अंतर्गत एक विशेष दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा जिसके तहत कर्तव्य पथ पर सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों द्वारा सवा लाख दीये प्रज्वलित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में होने वाला यह आयोजन प्रधानमंत्री के निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को समर्पित होगा।
बयान में कहा गया है कि मोदी के जन्मदिन के अवसर पर दिल्ली सरकार कर्तव्य पथ पर दीप जलाने के अलावा, त्यागराज स्टेडियम में विशाल रक्तदान शिविर व खाटू श्याम दिल्ली धाम में 108 कुंडीय यज्ञ का आयोजन करेगी और श्रमिकों के लिए ‘नमो श्रमिक सेवा केंद्र’ की शुरुआत करेगी।
भाजपा और दिल्ली सरकार 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत राष्ट्रीय राजधानी में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगी।
सीएमओ ने कहा कि अभियान के तहत पूर्वाह्न 11 बजे से शाम पांच बजे तक त्यागराज स्टेडियम में मेगा रक्तदान शिविर आयोजित होगा, जिसमें 2,500 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया है।
इसके अनुसार, शिविर में दिल्ली सरकार के 11 अस्पतालों के ब्लड बैंक, सेना अस्पताल, लेडी हार्डिंग कॉलेज, सफदरजंग अस्पताल और इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की भागीदारी रहेगी।
मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों से इस अभियान में भाग लेने की अपील की है।
बयान में कहा है कि अलीपुर के जीटी करनाल रोड स्थित खाटू श्याम दिल्ली धाम में प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर 108 कुंडीय यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। यज्ञ के माध्यम से मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा के लिए प्रार्थना एवं शुभकामनाएं दी जाएंगी। इस अवसर पर दृष्टिहीन बच्चों की ओर से सस्वर हनुमान चालीसा का पाठ भी किया जाएगा।
इसके अनुसार, दिल्ली सरकार श्रमिकों के लिए ‘नमो श्रमिक सेवा केंद्र’ की शुरुआत करेगी। इन केंद्रों पर श्रमिकों को पंजीकरण और नवीनीकरण में सहायता, दस्तावेजों के सत्यापन, आवेदन की स्थिति की जानकारी, विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी तथा दावों और अन्य सेवाओं के लिए मार्गदर्शन एक ही स्थान पर मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि श्रमिकों को सरकारी सेवाओं के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि जरूरी सेवाएं उनके करीब उपलब्ध हों।
गुप्ता ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एक साधारण परिवार से निकलकर उन्होंने देश के प्रधानमंत्री पद तक का सफर तय किया है।
उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक मोदी ने निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर 25 वर्षों के दौरान राष्ट्रसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।
भाषा नोमान
नोमान गोला
गोला

Facebook


