कश्मीर : राजौरी में दो विदेशी पिस्तौल बरामद, सीमावर्ती इलाके का एक निवासी गिरफ्तार
कश्मीर : राजौरी में दो विदेशी पिस्तौल बरामद, सीमावर्ती इलाके का एक निवासी गिरफ्तार
जम्मू, 19 फरवरी (भाषा) जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले में सीमावर्ती इलाके के एक निवासी को दो विदेशी पिस्तौल बरामद किए जाने के बाद गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जनकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि नियंत्रण रेखा के पास स्थित सैर गांव निवासी सचिन कुमार को बुधवार देर रात नौशेरा सेक्टर के रायपुर गांव से सेना के गश्ती दल ने हिरासत में लिया।
उन्होंने बताया कि कुमार के पास से दो पिस्तौल बरामद की गईं, जिसमें से एक तुर्की और दूसरी चीन निर्मित थी। इसके साथ ही चार मैगज़ीन और 15 गोलियां भी बरामद की गईं।
अधिकारियों ने बताया कि कुमार के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ से पता चला है, ‘‘आरोपी ने सीमा के उस पार से खेप प्राप्त की थी’’। उसे खेप को किसी अन्य व्यक्ति को पहुंचाने का काम सौंपा गया था, तभी गश्ती दल ने उसे पकड़ लिया।
अधिकारियों ने कहा कि हथियार किसके लिए पहुंचाए जा रहे थे यह पता लगाने और सीमा के उस पार गिरोह के अन्य विवरणों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि इस बीच तीन संदिग्ध आतंकवादियों की गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने उधमपुर जिले के बसंतगढ़ क्षेत्र के मारलोग और लोदरा जंगलों में तलाशी अभियान शुरू किया है।
भाषा यासिर शफीक
शफीक

Facebook


