कश्मीर: एमबीबीएस में दाखिले के लिए फर्जीवाड़ा करने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

कश्मीर: एमबीबीएस में दाखिले के लिए फर्जीवाड़ा करने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

कश्मीर: एमबीबीएस में दाखिले के लिए फर्जीवाड़ा करने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
Modified Date: February 3, 2026 / 01:23 pm IST
Published Date: February 3, 2026 1:23 pm IST

श्रीनगर, तीन फरवरी (भाषा) जम्मू कश्मीर अपराध प्रकोष्ठ की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने जाली शारीरिक विकलांगता प्रमाण पत्र का उपयोग करके यहां के एक मेडिकल कॉलेज में प्रवेश पाने में कथित संलिप्तता को लेकर दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

एजेंसी के एक प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि ईओडब्ल्यू को सूचना मिली कि बांदीपुरा जिले में अजास के एक छात्र ने फर्जी प्रमाण पत्र प्रस्तुत करके श्रीनगर के एसकेआईएमएस (शेर-ए-कश्मीर चिकित्सा विज्ञान संस्थान) सौरा में एमबीबीएस की सीट प्राप्त की। इन प्रमाण पत्रों में छात्र को ‘दिव्यांग व्यक्ति’ और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग का बताया गया था, जबकि वह शारीरिक रूप से अक्षम नहीं था।

प्रवक्ता ने कहा, ‘‘सूचना के आधार पर श्रीनगर स्थित आर्थिक अपराध शाखा ने मामले की प्रारंभिक जांच शुरू की।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जांच के दौरान यह बात सामने आई कि आरोपी लाभार्थी ने बांदीपुरा के सुंबल जिले के आशम निवासी एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलीभगत करके फर्जी और जाली पीडब्ल्यूडी प्रमाण पत्र प्राप्त किया था।’’

उन्होंने बताया कि कथित तौर पर जाली दस्तावेज के आधार पर लाभार्थी को एमबीबीएस पाठ्यक्रम में दाखिला मिला।

प्रवक्ता ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

भाषा गोला सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में