कश्मीरी फिल्म ‘तसरुफदार’ महीने के अंत में श्रीनगर में प्रदर्शित की जाएगी
कश्मीरी फिल्म ‘तसरुफदार’ महीने के अंत में श्रीनगर में प्रदर्शित की जाएगी
जम्मू, 13 जुलाई (भाषा) अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तारीफ बटोर चुकी कश्मीरी लघु फिल्म ‘तसरुफदार: जिंस ऑफ कश्मीर’ इस महीने के आखिर में श्रीनगर में पहली बार प्रदर्शित की जाएगी।
लंदन में ‘वर्ल्ड प्रीमियर’ के बाद श्रीनगर में फिल्म के प्रदर्शन को लेकर उत्साहित फिल्मकार कपिल मट्टू को उम्मीद है कि यह फिल्म 1990 की घटनाओं से जुड़ी यादों, पीड़ा और कटुता को भुलाकर आपसी मेलजोल पर कश्मीरियों के बीच एक ईमानदार संवाद की शुरुआत करेगी।
कश्मीरी भाषा में बनी इस फिल्म को ‘‘महज एक फिल्म से कहीं अधिक’’ बताते हुए मट्टू ने कहा कि ‘‘तसरुफदार’’ एक भावनात्मक सफर है, जो तीन दशकों से अधिक समय से दबे हुए जज्बातों को सामने लाने की कोशिश करती है।
मट्टू ने यहां ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए साक्षात्कार में कहा, ‘‘मेरे लिए यह एक भावना है। यह महज एक फिल्म से कहीं अधिक है। मुझे लगता है कि यह दो कश्मीरियों के बीच एक जरूरी संवाद है।’’
उन्होंने कहा कि घाटी से विस्थापित हुए कई कश्मीरियों ने पिछले 35 साल में अन्य जगहों पर अपनी जिंदगी फिर से संवार लिया है, लेकिन भावनात्मक जख्म अब तक भरे नहीं हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘चाहे कोई लंदन, जम्मू या दिल्ली में रहता हो। लोग भले ही जिंदगी में आगे बढ़ गए हों लेकिन वे भावनाएं अब भी अंदर गहराई में दबी हुई हैं। हमें उन्हें बाहर निकालना होगा और उन जज्बातों को जाहिर करने में आ रही रुकावटों को दूर करना होगा।’’
मट्टू ने कहा कि वह श्रीनगर में फिल्म के प्रदर्शन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
भाषा सुरभि संतोष
संतोष

Facebook


