(तस्वीरों सहित)
नयी दिल्ली, 28 फरवरी (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल दिल्ली की एक अदालत द्वारा आबकारी नीति मामले में आरोपमुक्त किए जाने के एक दिन बाद शनिवार को कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर पहुंचे।
पार्टी के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि सत्ताधारी पार्टी दावा कर रही है कि यह आदेश अधीनस्थ अदालत का है और उच्च न्यायालय में अपील का विकल्प अब भी मौजूद है, लेकिन ‘‘सर्वोच्च अदालत भगवान हनुमान हैं, जिनका हम पर आशीर्वाद है।’’
भारद्वाज ने कहा कि पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व रविवार को जंतर-मंतर पर इकट्ठा होगा, जहां केजरीवाल सभा को संबोधित करेंगे और भविष्य की रणनीति बताएंगे।
दिल्ली की एक अदालत ने शुक्रवार को केजरीवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और 21 अन्य लोगों को निरस्त हो चुकी आबकारी नीति से जुड़े मामले में आरोपमुक्त कर दिया।
मंदिर में दर्शन के लिए केजरीवाल के साथ सिसोदिया, राज्यसभा सदस्य संजय सिंह और दुर्गेश पाठक समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
कोंडली से विधायक कुलदीप कुमार ने कहा कि केजरीवाल ईमानदार हैं और भगवान बजरंगबली के आशीर्वाद से उन्हें राजनीतिक लड़ाई में मजबूती मिली है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की कोई भी अपील भारतीय जनता पार्टी के इशारे पर होगी।
भाजपा की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
भाषा खारी सुरेश
सुरेश