कोल्लम, 14 मार्च (भाषा) केरल के कोल्लम में शनिवार को दिनदहाड़े हत्या के एक आरोपी की हथियारबंद गिरोह ने हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि जिस आरोपी की हत्या हुई, वह हाल ही में जमानत पर बाहर आया था।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले के संबंध में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से दो पर हमले को अंजाम देने का आरोप है।
पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है।
यह घटना पूर्वाह्न करीब 11 बजे हुई।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पत्रकारों को बताया कि घटना के तुरंत बाद सभी अंतरराज्यीय और जिला सीमा चौकियों को सतर्क कर दिया गया तथा हमलावरों पर नजर रखने को कहा गया।
अधिकारी ने कहा, “मामले की गहन जांच की जाएगी। इस तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में कोई समझौता नहीं किया जाएगा। हमने हमले में इस्तेमाल किया गया वाहन और अन्य सामग्री भी जब्त कर ली है। हम जल्द ही बाकी लोगों को भी पकड़ लेंगे।”
अधिकारी ने यह भी बताया कि घटना के तुरंत बाद मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
इससे पहले करुणागप्पल्ली थाने के एक अधिकारी ने बताया कि हत्या का आरोपी कुख्यात गैंगस्टर भी था और थाने से उसके लौटते समय यह वारदात हुई।
टीवी चैनल पर प्रसारित हो रहे घटना के वीडियो में दिख रहा है कि करुणागप्पल्ली के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 66 पर हत्या के आरोपी अलुवा अतुल की कार का हमलावर अपने वाहन से पीछा कर रहे हैं और इस बीच उन्होंने उसकी कार को सड़क किनारे एक खाई में धकेल दिया।
इस वीडियो में नजर आ रहा है कि इसके बाद, चार-पांच लोगों ने लाठियों और अन्य धारदार हथियारों से अतुल की कार के शीशे चारों तरफ से फोड़ दिए तथा फिर उसे बाहर खींचकर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी। इसके बाद वे अपनी गाड़ी में बैठकर वहां से फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने अतुल को मृत घोषित कर दिया।
भाषा जितेंद्र नेत्रपाल
नेत्रपाल