केरल:भाजपा प्रतिनिधिमंडल प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियों के मामले में डीजीपी से मिला
केरल:भाजपा प्रतिनिधिमंडल प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियों के मामले में डीजीपी से मिला
तिरुवनंतपुरम, 19 अगस्त (भाषा) भाजपा की केरल इकाई के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को राज्य के पुलिस महानिदेशक आर. चंद्रशेखर से मुलाकात की और सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणियों से जुड़े मामलों में तेजी से कार्रवाई की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व प्रदेश महासचिव एस. सुरेश ने किया।
भाजपा के एक बयान के अनुसार, पार्टी नेताओं ने कथित टिप्पणियों को लेकर दर्ज मामलों की स्थिति पर चर्चा की और जांच में तेजी लाने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश सचिव जे.आर. पद्माकुमार और पूंथुरा श्रीकुमार तथा प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक अभिजीत आर. नायर शामिल थे।
प्रतिनिधिमंडल ने डीजीपी से उन शिकायतों पर प्राथमिकी दर्ज करने और कार्रवाई शुरू करने का भी आग्रह किया, जिनमें अभी तक मामले दर्ज नहीं किए गए थे।
बयान में कहा गया कि प्रतिनिधिमंडल ने ऐसे मामलों में सख्त और तत्काल कार्रवाई की भी मांग की।
यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब नयी दिल्ली में छात्रों के हालिया आंदोलन के सिलसिले में सोशल मीडिया मंचों पर प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ कई कथित आपत्तिजनक पोस्ट सामने आए हैं।
भाजपा की प्रदेश इकाई ने ऐसे मामलों में पुलिस की कार्रवाई में कथित देरी पर असंतोष व्यक्त किया है।
भाषा शफीक संतोष
संतोष

Facebook


