तिरुवनंतपुरम, 29 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरल इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने जेल में बंद कार्यकर्ता उमर खालिद की प्रशंसा में कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) नेता सौरव दास द्वारा सोशल मीडिया पर साझा की गई एक पुरानी पोस्ट का हवाला देते हुए दिल्ली छात्र आंदोलन में शामिल नेताओं पर बुधवार को निशाना साधा।
चंद्रशेखर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर दास की एक पुरानी पोस्ट साझा की जिसमें उन्होंने खालिद को ‘‘सबसे बहादुर’’ बताया था और कहा था कि वह उनका ‘‘बहुत सम्मान’’ करते हैं।
खालिद को 2020 के उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों के मामले में गिरफ्तार किया गया था और वह अब भी जेल में है।
भाजपा नेता ने किसी का नाम लिए बिना छात्रों एवं अभिभावकों से ‘‘समझदारी से चुनने’’ की अपील की और सवाल किया कि क्या वे चाहते हैं कि उनका भविष्य ऐसे लोग तय करें जिनकी ‘‘विचारधारा भारत को बांटने और तोड़ने वाली है।’’
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘वे सभी असल छात्र और उनके माता-पिता इस तस्वीर और इसके संदेश को देखें जिन्होंने अपनी जायज शिकायतों को लेकर विरोध किया था। समझदारी से तय करें कि आप किसके साथ हैं।’’
चंद्रशेखर ने रेखांकित किया कि हिंसक विरोध प्रदर्शन बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जो कोई भी देश, लोकतंत्र या उसकी अखंडता को कमजोर करने की कोशिश करता है, उसका विरोध किया जाना चाहिए।
भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर जंतर-मंतर पर हुए हालिया छात्र विरोध-प्रदर्शनों के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेता दास की खालिद के साथ कथित मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की गईं।
भाषा धीरज सिम्मी
सिम्मी