केरल: सात वर्षीय बच्ची का शव बरामद, एक ही परिवार के चारों सदस्य मृत मिले

केरल: सात वर्षीय बच्ची का शव बरामद, एक ही परिवार के चारों सदस्य मृत मिले

केरल: सात वर्षीय बच्ची का शव बरामद, एक ही परिवार के चारों सदस्य मृत मिले
Modified Date: June 28, 2026 / 11:16 am IST
Published Date: June 28, 2026 11:16 am IST

कोच्चि, 28 जून (भाषा) केरल के पिरावोम के पास एक नदी से रविवार को सात वर्षीय बच्ची का शव बरामद किया गया। इसके साथ ही परिवार के सभी चार सदस्यों के शव बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार,ऐसी आशंका है कि परिवार के चारों सदस्यों ने कथित तौर पर आत्महत्या की है।

पुलिस और दमकल तथा बचाव सेवा के कर्मचारी शनिवार से ही लड़की के शव की तलाश कर रहे थे, लेकिन उन्हें कामयाबी नहीं मिली।

अधिकारियों ने बताया कि रविवार सुबह फिर से तलाश शुरू की गई और पिरावोम के पास नदी से शव बरामद किया गया।

शुक्रवार शाम को नदी से लड़की की मां विजी (जो दृष्टिबाधित थीं) और उनके दो साल के बेटे के शव बरामद किए गए।

उनकी पहचान होने के बाद, पुलिस ने विजी के पति नारायणन और उनकी बेटी की तलाश शुरू की, जो लापता थे। शनिवार को नदी से नारायणन का शव बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, पलक्कड़ के निवासी नारायणन कोथमंगलम में किराए के मकान में अपने परिवार के साथ रह रहे थे।

पुलिस ने परिवार के रिश्तेदारों और अन्य करीबी लोगों के बयान दर्ज किए हैं।

अधिकारियों के अनुसार, नारायणन और उनका परिवार मकान का किराया देने में असमर्थ था। इसी वजह से उन्होंने हाल ही में वित्तीय सहायता के लिए कोठामंगलम पुलिस से संपर्क किया था। इसके बाद पुलिस ने उनके लिए वैकल्पिक आवास की व्यवस्था कराने में मदद की थी।

अधिकारियों ने बताया कि परिवार रविवार को नये आवास में स्थानांतरित होने वाला था।

पुलिस ने इस संबंध में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया है तथा रविवार को पोस्टमार्टम होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।

भाषा प्रचेता शोभना

शोभना


लेखक के बारे में