केरलम: शिक्षकों, छात्राओं की तस्वीरों-वीडियो में छेड़छाड़ कर अश्लील सामग्री बनाने के आरोप में कॉलेज छात्र गिरफ्तार

केरलम: शिक्षकों, छात्राओं की तस्वीरों-वीडियो में छेड़छाड़ कर अश्लील सामग्री बनाने के आरोप में कॉलेज छात्र गिरफ्तार

केरलम: शिक्षकों, छात्राओं की तस्वीरों-वीडियो में छेड़छाड़ कर अश्लील सामग्री बनाने के आरोप में कॉलेज छात्र गिरफ्तार
Modified Date: September 4, 2026 / 11:06 am IST
Published Date: September 4, 2026 11:06 am IST

कोच्चि (केरलम), चार सितंबर (भाषा) कोच्चि में पुलिस ने शिक्षकों और छात्राओं की तस्वीरों एवं वीडियो में कथित रूप से छेड़छाड़ कर अश्लील सामग्री बनाने और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के आरोप में कॉलेज के एक छात्र की गिरफ्तारी शुक्रवार को औपचारिक रूप से दर्ज की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

गिरफ्तार छात्र की पहचान त्रिक्काकारा स्थित भारत माता कॉलेज में ‘बीबीए लॉजिस्टिक्स’ के द्वितीय वर्ष के छात्र श्रीहरि एस. के रूप में हुई है।

अधिकारियों ने बताया कि कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य की शिकायत के बाद श्रीहरि को बृहस्पतिवार को हिरासत में लिया गया था और उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

उन्होंने बताया कि उसके डिजिटल उपकरणों को जब्त करने के बाद पुलिस ने उनकी प्रारंभिक जांच की, जिसमें उसके सहपाठियों और शिक्षकों की कई ऐसी तस्वीरें एवं वीडियो मिले जिनमें छेड़छाड़ की गई थी।

अधिकारियों ने बताया कि गहन पूछताछ के बाद पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी औपचारिक रूप से दर्ज की।

त्रिक्काकारा पुलिस थाने के अधिकारियों के अनुसार, श्रीहरि उस ‘टेलीग्राम ग्रुप’ का सदस्य था, जिस पर छात्रों और शिक्षकों की तस्वीरें एवं वीडियो कथित तौर पर अपलोड किए जाते थे और उनसे छेड़छाड़ कर अश्लील सामग्री बनाई जाती थी।

अधिकारियों ने बताया कि ‘टेलीग्राम ग्रुप’ की जांच में पता चला कि उसमें कई सदस्य थे और उनकी पहचान करने के प्रयास जारी हैं।

उन्होंने बताया कि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी को छेड़छाड़ की गई तस्वीरें और वीडियो उपलब्ध कराने के बदले पैसे मिले थे या नहीं तथा जांच के तहत उसके बैंक लेनदेन की भी पड़ताल की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि श्रीहरि एक छात्र संगठन की मीडिया इकाई का भी सदस्य है और इसी के जरिए वह तस्वीरें तथा वीडियो लेता था।

प्राथमिकी के अनुसार, आरोपी 2025 से शिक्षकों और छात्रों की तस्वीरें एवं वीडियो ले रहा था और उनमें कथित तौर पर छेड़छाड़ करने के बाद उन्हें टेलीग्राम तथा इंस्टाग्राम पर अपलोड करता था जहां से वे विभिन्न समूहों में प्रसारित किए जाते थे।

छात्रों ने बृहस्पतिवार को कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि प्राधिकारियों ने श्रीहरि को कॉलेज परिसर से निकलने में मदद की तथा वे उसे बचा रहे हैं।

छात्रों ने आरोप लगाया कि इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं।

हालांकि, कॉलेज प्रबंधन ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि कथित गतिविधियों की एक सितंबर की रात जानकारी मिलते ही उसने पुलिस को तुरंत सूचित किया था। प्रबंधन ने यह भी कहा कि छात्र को कॉलेज से निष्कासित कर दिया गया है।

भाषा

सिम्मी देवेंद्र

देवेंद्र


लेखक के बारे में

"दीपक दिल्लीवार, एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें मीडिया इंडस्ट्री में करीब 10 साल का एक्सपीरिएंस है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक ऑनलाइन समाचार वेबसाइट से की थी, जहां उन्होंने राजनीति, खेल, ऑटो, मनोरंजन टेक और बिजनेस समेत कई सेक्शन में काम किया। इन्हें राजनीति, खेल, मनोरंजगन, टेक्नोलॉजी, ऑटोमोबाइल और बिजनेस से जुड़ी काफी न्यूज लिखना, पढ़ना काफी पसंद है। इन्होंने इन सभी सेक्शन को बड़े पैमाने पर कवर किया है और पाठकों लिए बेहद शानदार रिपोर्ट पेश की है। दीपक दिल्लीवार, पिछले 5 साल से IBC24 न्यूज पोर्टल पर लीडर के तौर पर काम कर रहे हैं। इन्हें अपनी डेडिकेशन और अलर्टनेस के लिए जाना जाता है। इसी की वजह से वो पाठकों के लिए विश्वसनीय जानकारी के सोर्स बने हुए हैं। वो, निष्पक्ष, एनालिसिस बेस्ड और मजेदार समीक्षा देते हैं, जिससे इनकी फॉलोवर की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। काम के इतर बात करें, तो दीपक दिल्लीवार को खाली वक्त में फिल्में, क्रिकेट खेलने और किताब पढ़ने में मजा आता है। वो हेल्दी वर्क लाइफ बैलेंस करने में यकीन रखते हैं।"