तिरूवनंतपुरम, 26 जून (भाषा) केरल में ऐतिहासिक चंपकुलम मूलम नौका दौड़ के लिए प्रस्तावित स्थानीय छुट्टी को लेकर विवाद पैदा हो गया है। मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन की हालिया टिप्पणियों और विधानसभा में दिये गए उनके जवाब में विरोधाभास नजर आया जिसके बाद विपक्षी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने उनकी कड़ी आलोचना की।
यह मामला उस वक्त सामने आया जब केरल कांग्रेस (जोसेफ) के सदस्य और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) विधायक रेजी चेरियन ने कुट्टनाड तालुक में सालाना नौका दौड़ के लिए स्थानीय छुट्टी घोषित करने की मांग की।
विधानसभा में अपने आधिकारिक जवाब में सतीशन ने कहा कि सरकार इस अनुरोध पर विचार करेगी।
हालांकि, सवाल का जवाब देने और अपनी सीट पर बैठने के कुछ ही देर बाद, मुख्यमंत्री को कथित तौर पर यह कहते हुए सुना गया, ‘‘किसी भी हालत में इसकी मंजूरी नहीं दी जाएगी।’’ उनकी इस टिप्पणी के दौरान उनका माइक्रोफोन चालू था।
मुख्यमंत्री की टिप्पणी के वीडियो को वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) विधायकों ने सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किया।
एलडीएफ विधायकों ने इस क्लिप को फेसबुक पर साझा करते हुए टिप्पणी की, ‘‘यही उनकी विश्वसनीयता की सीमा है’’, और आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने कुछ ही सेकेंड में विरोधाभासी रुख अपनाया।
हालांकि, कुट्टनाड के विधायक रेजी चेरियन ने उम्मीद जताई कि सरकार आखिरकार नौका दौड़ के लिए स्थानीय छुट्टी की घोषणा करेगी।
इस विवाद ने यूडीएफ की अहम सहयोगी पार्टी, केरल कांग्रेस (जोसेफ) को भी मुश्किल स्थिति में डाल दिया है।
राज्य के जल संसाधन मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता मॉन्स जोसेफ ने विधानसभा के अंदर हुए घटनाक्रम पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि सदन में हुई चर्चा को सार्वजनिक बहस का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए।
इस बीच, नौका दौड़ के आयोजकों ने इस घटनाक्रम पर निराशा जताई और कहा कि मुख्यमंत्री की टिप्पणियों से कुट्टनाड के लोगों में चिंता पैदा हो गई है।
उन्होंने सरकार से अपील की कि वह सदियों पुराने इस आयोजन के सांस्कृतिक महत्व को ध्यान में रखते हुए स्थानीय अवकाश घोषित करे।
आयोजकों ने बताया कि सोमवार को होने वाली नौका दौड़ की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं और 29 जून की सुबह पारंपरिक मंदिर अनुष्ठान शुरू होने वाले हैं।
मशहूर लंबी नौकाओं (स्नेक बोट) समेत 15 नावों के इसमें शामिल होने की उम्मीद है, और ‘चैंपियंस बोट लीग’ की टीमें भी इसमें हिस्सा लेंगी।
माकपा के प्रदेश सचिव एम.वी. गोविंदन द्वारा सतीशन पर विरोधाभासी रुख अपनाने का आरोप लगाने के बाद राजनीतिक विवाद और बढ़ गया।
माकपा नेता ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री का व्यवहार उनके ‘‘असली राजनीतिक चरित्र’’ को दर्शाता है।
भाषा सुभाष नरेश
नरेश