केरल के राज्यपाल ने विधानसभा में ‘वंदे मातरम्’ प्रोटोकॉल का पालन न करने पर नाराजगी जतायी
केरल के राज्यपाल ने विधानसभा में ‘वंदे मातरम्’ प्रोटोकॉल का पालन न करने पर नाराजगी जतायी
( तस्वीरों सहित )
तिरुवनंतपुरम, 29 मई (भाषा) केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने शुक्रवार को इस बात पर नाराजगी जतायी कि जब वह संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार के नीतिगत अभिभाषण के लिए विधानसभा में मौजूद थे, तब ‘वंदे मातरम्’ पूरा नहीं गाया गया।
उन्होंने कहा कि जब राज्यपाल ऐसे कार्यक्रमों में उपस्थित हों, तब उचित प्रोटोकॉल का पालन किया जाना चाहिए।
केरल विधानसभा में राज्यपाल के नीतिगत अभिभाषण से पहले और बाद में एक बैंड दल ने ‘वंदे मातरम्’ के शुरुआती अंतरे प्रस्तुत किए।
विधानसभा से लौटने के बाद लोक भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह पहले से तय था कि जब भी राज्यपाल सदन में मौजूद हों, तब ‘वंदे मातरम्’ पूरा गाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि विधानसभा में गीत केवल बजाया गया, गाया नहीं गया।
उन्होंने कहा, ‘‘जब भी राज्यपाल उपस्थित हों, तब इसे पूरा गाया जाना चाहिए। इसे गाया नहीं गया, केवल बजाया गया।’’
आर्लेकर ने कहा कि उन्होंने इस मुद्दे पर विधानसभा अध्यक्ष तिरुवंचूर राधाकृष्णन से बात की है और उन्हें उम्मीद है कि इस मामले का समाधान किया जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘‘देखते हैं, आगे क्या होता है।’’
इससे पहले, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आरोप लगाया कि शुक्रवार को राज्यपाल की मौजूदगी में विधानसभा में ‘वंदे मातरम्’ पूरा नहीं गाया गया, जो लोक भवन का ‘‘अपमान’’ है।
भाषा गोला मनीषा
मनीषा

Facebook


