केरल सरकार के बजट में किये गए आवंटन आर्थिक संकट के दावों के विपरीत: नेता प्रतिपक्ष विजयन
केरल सरकार के बजट में किये गए आवंटन आर्थिक संकट के दावों के विपरीत: नेता प्रतिपक्ष विजयन
तिरुवनंतपुरम, 19 जून (भाषा) केरल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष पिनरायी विजयन ने शुक्रवार को कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार की ओर से पेश राज्य बजट की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि गंभीर वित्तीय संकट का उसका दावा, बजट दस्तावेज में प्रस्तावित आंवटनों से मेल नहीं खाता।
विजयन ने विधानसभा में बजट पेश किये जाने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि सरकार की ओर से बार-बार किये जा रहे गंभीर वित्तीय संकट के दावों और बजट में घोषित अतिरिक्त आवंटन को समझना मुश्किल है।
उन्होंने कहा, ‘‘अगर राज्य 2,000 करोड़ रुपये से ज्यादा अतिरिक्त आवंटन कर सकता है, तो वह साथ ही यह दलील नहीं दे सकता कि वित्तीय स्थिति बेहद चिंताजनक है।’’
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नेता और पूर्ववर्ती वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार के मुखिया रहे विजयन ने कहा कि एलडीएफ सरकार ने सरकारी खजाने में काफी धना छोड़ा था और उन संसाधनों का इस्तेमाल कल्याणकारी उपायों और विकास कार्यों के लिए किया जा सकता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कई क्षेत्रों के लिए आवंटन या तो कम कर दिए गए या उम्मीद से कम रहे।
माकपा नेता ने रबर, नारियल और धान की खेती करने वाले किसानों के लिए राहत के नए उपायों की कमी पर निराशा जताई और कहा कि बजट में कृषि क्षेत्र की चुनौतियों से निपटने के लिए बहुत कम उपाय किए गए हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘बजट में केरल पर केंद्र सरकार की नीतियों के असर पर ठीक से विचार नहीं किया गया है। राज्य सरकार पिछली सरकार की आलोचना करने पर ध्यान दे रही है, जबकि राज्य से जुड़े अहम मुद्दों को नजरअंदाज कर रही है।’’
नेता प्रतिपक्ष ने सरकार की ‘विजन समुद्र’ पहल और प्रस्तावित केरल समुद्री नीति को लेकर चिंता जताई और दावा किया कि इससे तटीय संसाधनों पर निजी क्षेत्र का नियंत्रण बढ़ सकता है।
भाषा धीरज संतोष
संतोष

Facebook


