तिरुवनंतपुरम, 26 जुलाई (भाषा) केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने रविवार को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि सैनिकों के बलिदान की बदौलत ही भारत के लोग आज अपना सिर ऊंचा उठाकर जी रहे हैं।
चेन्निथला ने ‘फेसबुक’ पर एक पोस्ट में कारगिल युद्ध में शहीद हुए कैप्टन विक्रम बत्रा के शब्दों को याद किया- ‘‘या तो हम तिरंगा फहराकर आएंगे, या फिर उसमें लिपटकर…’’। गृह मंत्री ने कहा कि सैनिकों ने मातृभूमि के लिए अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया।
कैप्टन बत्रा को मरणोपरांत ‘परमवीर चक्र’ से सम्मानित किया गया था।
उन्होंने कहा कि कैप्टन बत्रा के ये शब्द एक भारतीय सैनिक के उस अटूट विश्वास को दर्शाते हैं जो अपनी अंतिम सांस तक अपनी मातृभूमि को अपने दिल के करीब रखता है।
मंत्री ने कहा, ‘‘कारगिल के युद्ध में भारतीय सैनिकों द्वारा हासिल की गई जीत के बल पर ही आज हम आत्मविश्वास और गर्व से सिर उठाकर जी रहे हैं। हम कारगिल में जान गंवाने वाले अपने वीर सैनिकों की स्मृति को सम्मानपूर्वक नमन करते हैं।’’
यह दिवस कारगिल युद्ध में भारत की ऐतिहासिक विजय की स्मृति में मनाया जाता है और देश की संप्रभुता की रक्षा करने वाली अदम्य राष्ट्रीय भावना का उत्सव है।
भाषा खारी शोभना
शोभना