ईटानगर, 26 जुलाई (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के गृह मंत्री मामा नातुंग ने 1999 के कारगिल संघर्ष में सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैन्यकर्मियों को श्रद्धांजलि देने के लिए ‘ऑपरेशन विजय’ की 27वीं वर्षगांठ पर यहां इंदिरा गांधी पार्क से एक दौड़ को हरी झंडी दिखाई।
‘कारगिल विजय दिवस रेन रन’ को हरी झंडी दिखाने से पहले मंत्री ने कहा कि यह युद्ध के उन नायकों को भावभीनी श्रद्धांजलि है जिनका बेमिसाल साहस, शौर्य और बलिदान पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन सशस्त्र बलों का सम्मान करने के सामूहिक कर्तव्य की भी याद दिलाता है।
दौड़ में हिस्सा लेने वाले राज्य के खेल एवं युवा मामलों के मंत्री केंटो जिनी ने कहा कि इस आयोजन में नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखकर प्रसन्नता हुई और यह देश के सशस्त्र बलों के प्रति राज्य के गहरे सम्मान को दर्शाता है।
जिनी ने कहा, ‘‘कारगिल के वीरों को याद करते हुए हमें साहस, एकता और निःस्वार्थ सेवा के उन मूल्यों को कायम रखना चाहिए जिनका उन्होंने बहादुरी के साथ उदाहरण पेश किया।’’
युवा मामलों के विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में 10 किलोमीटर, पांच किलोमीटर और दो किलोमीटर की दौड़ की श्रेणियां रखी गई थीं।
मुख्य सचिव मनीष कुमार गुप्ता और पुलिस महानिदेशक एस. डी. एस. जमवाल भी दौड़ में हिस्सा लेने वालों में शामिल रहे।
भाषा
सिम्मी गोला
गोला