केरल एलडीएफ, यूडीएफ से तंग आ चुका है; भाजपा-राजग को बड़ी उम्मीद से देख रहा: प्रधानमंत्री मोदी

केरल एलडीएफ, यूडीएफ से तंग आ चुका है; भाजपा-राजग को बड़ी उम्मीद से देख रहा: प्रधानमंत्री मोदी

केरल एलडीएफ, यूडीएफ से तंग आ चुका है; भाजपा-राजग को बड़ी उम्मीद से देख रहा: प्रधानमंत्री मोदी
Modified Date: February 12, 2026 / 10:09 pm IST
Published Date: February 12, 2026 10:09 pm IST

नयी दिल्ली, 12 फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि केरल सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और विपक्षी एकीकृत लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) से तंग आ चुका है और इस बात पर जोर दिया कि राज्य अब भाजपा-राजग को ‘बड़ी उम्मीद’ से देख रहा है।

मोदी ने यहां तिरुवनंतपुरम नगर निगम के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनिर्वाचित पार्षदों और केरल के अन्य नगर निकायों के प्रतिनिधियों से मुलाकात के बाद यह टिप्पणी की।

प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में उनके साथ अपनी बैठक की तस्वीरें साझा करते हुए कहा, ‘‘सात, लोक कल्याण मार्ग पर केरल भाजपा के पंचायत सदस्यों, नगर पालिका सदस्यों और तिरुवनंतपुरम नगर निगम सहित पूरे केरल के निगमों के सदस्यों की मेजबानी की। तिरुवनंतपुरम नगर निगम में भाजपा को ऐतिहासिक जनादेश मिला था।’

मोदी ने कहा कि उन्होंने उनके साथ कई विषयों पर ‘‘विशेष रूप से लोगों के साथ भाजपा के जुड़ाव को गहरा करने, हमारे सुशासन के एजेंडे को आगे बढ़ाने और ‘जीवन को आसान बनाने’ के तरीकों पर चर्चा की।’

उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट है कि केरल एलडीएफ और यूडीएफ से ”तंग” आ गया है और भाजपा-राजग को ”बड़ी उम्मीद” से देख रहा है। उन्होंने कहा, ‘इसलिए, भारतीय जनता पार्टी-राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के निर्वाचित सदस्य जमीनी स्तर पर काम करेंगे और लोगों के सामने आने वाली चुनौतियों का समाधान करेंगे।’

प्रधानमंत्री ने कहा कि केरल भाजपा के निर्वाचित प्रतिनिधियों के साथ बैठक में उन्होंने हर उस कार्यकर्ता को याद किया, जिन्होंने वर्षों से पार्टी को खड़ा करने के लिए कड़ी मेहनत की है। उन्होंने कहा, ‘‘यह उनके निस्वार्थ प्रयासों के कारण है कि हम राज्य भर में आगे बढ़े हैं। आने वाले समय में, भाजपा केरल में और भी आगे बढ़ेगी।’

बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

तिरुवनंतपुरम नगर निगम के भाजपा पार्षद, मेयर वी वी राजेश, और केरल के अन्य नगर निकायों के प्रतिनिधि तीन दिवसीय प्रशासनिक और शासन कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने के लिए बुधवार को यहां पहुंचे।

भाजपा की केरल इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि केरल के निर्वाचित प्रतिनिधि प्रधानमंत्री मोदी से बातचीत के बाद ‘उत्साहित और प्रेरित’ महसूस कर रहे।

केरल के नेताओं के साथ प्रधानमंत्री की बातचीत के वीडियो फुटेज को साझा करते हुए भाजपा ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘जब भगवा लहर वास्तविक शासन से मिलती है।’

भाजपा ने कहा, ‘प्रधानमंत्री मोदी ने नयी दिल्ली में अपने आधिकारिक आवास पर केरल के नवनिर्वाचित भाजपा पंचायत, नगर निगम और निगम सदस्यों को व्यक्तिगत रूप से मार्गदर्शन प्रदान किया।’’

इससे पहले, केरल के निर्वाचित प्रतिनिधियों ने संसद का दौरा किया जहां उन्होंने राज्यसभा के सभापति सी पी राधाकृष्णन और विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात की।

भाषा आशीष पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में