तिरुवनंतपुरम, 21 जून (भाषा) केरल में रविवार को प्रमुख नेताओं ने योग सत्रों में भाग लेकर तथा लोगों को शुभकामनाएं देकर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया।
राज्यभर में विभिन्न संगठनों द्वारा योग सत्र आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
राज्य के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने तिरुवनंतपुरम में आयोजित एक योग सत्र में हिस्सा लिया, जबकि स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन ने भी राज्य की राजधानी में आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लिया।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरल इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने इस अवसर पर सभी लोगों को उत्तम स्वास्थ्य, शांति और खुशहाली की शुभकामनाएं दीं।
फेसबुक पर एक पोस्ट में चंद्रशेखर ने कहा कि योग दुनिया को भारत की सबसे महान देनों में से एक है और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन के माध्यम से पिछले 12 वर्षों में यह एक वैश्विक उत्सव के रूप में विकसित हुआ है।
उन्होंने योग को वैश्विक पहचान दिलाने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को देते हुए कहा कि उनकी दूरदृष्टि, नेतृत्व और निरंतर प्रयासों के कारण योग को विश्व स्तर पर प्रतिष्ठा मिली है। उन्होंने कहा, ‘‘आज योग दुनिया भर के लोगों की जीवनशैली का हिस्सा बन गया है।’’
भाजपा नेता एम टी रमेश ने एक योग सत्र में भाग लेते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की ऐसी पद्धति है जो मन, शरीर और प्रकृति के बीच सामंजस्य स्थापित करती है। रमेश ने कहा कि योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक विरासत है, जिसे अब दुनिया के अनेक देशों ने अपनाया है।
भाजपा विधायक वी मुरलीधरन ने यहां कझाकूट्टम में आयोजित एक योग सत्र में भाग लिया।
भाषा अमित रंजन
रंजन