केरल : मार थोमा चर्च के पादरी ने की विवाह से पहले एचआईवी जांच अनिवार्य करने की मांग
केरल : मार थोमा चर्च के पादरी ने की विवाह से पहले एचआईवी जांच अनिवार्य करने की मांग
तिरुवनंतपुरम, तीन सितंबर (भाषा) केरल में मार थोमा चर्च के एक वरिष्ठ पादरी ने चर्च में होने वाले विवाह से पहले एचआईवी जांच अनिवार्य किए जाने का सुझाव दिया है, जिसके बाद उनकी आलोचना हो रही है।
मार थोमा चर्च के पादरी डॉ. के. थॉमस ने हाल में यहां चर्च की ओर से आयोजित एक पारिवारिक समारोह में अभिभावकों को संबोधित करते हुए यह टिप्पणी की। उन्होंने माता-पिता से यह भी आग्रह किया कि वे अपनी बेटियों को विवाह के लिए चर्च लाने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि उनका शारीरिक शोषण न हुआ हो।
समारोह के दौरान पादरी के भाषण का वीडियो बृहस्पतिवार को टेलीविजन चैनलों पर प्रसारित किया गया।
कर्नाटक सरकार द्वारा कॉलेज परिसरों में एचआईवी जांच कराने का फैसला किए जाने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि इसी तरह की जांच चर्च में विवाह से पहले भी कराई जानी चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं चाहता हूं कि मार थोमा चर्च में होने वाले सभी विवाह ऐसी जांच के बाद ही आयोजित किए जाएं। अभिभावकों, मेरी बात का बुरा मत मानिए।’’
पादरी की टिप्पणियों को लेकर सोशल मीडिया पर आलोचना हो रही है। कई लोगों ने कहा कि उनकी बातों से मार थोमा चर्च के युवाओं का अपमान हुआ है।
भाषा
मनीषा पवनेश
पवनेश

Facebook


