केरल के नर्सिंग कॉलेज छात्र ने आत्महत्या की, माता-पिता ने साजिश का आरोप लगाया
केरल के नर्सिंग कॉलेज छात्र ने आत्महत्या की, माता-पिता ने साजिश का आरोप लगाया
बेंगलुरु, एक मई (भाषा) केरल के 19 वर्षीय एक छात्र ने कथित तौर पर अपने छात्रावास के कमरे में आत्महत्या कर ली। वह यहां के एक निजी नर्सिंग कॉलेज में पढ़ रहा था। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान बोम्मासंद्रा स्थित नर्सिंग कॉलेज के द्वितीय वर्ष के छात्र आदित्यन पी ए के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि 29 अप्रैल को वह अपने छात्रावास के कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला।
पुलिस ने यह भी बताया कि उसने एक सुसाइड नोट छोड़ा है जिसमें उसने अपनी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि वह अवसाद से पीड़ित हो सकता है, और अन्य मुद्दे भी हो सकते हैं जिनकी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतक के पिता प्रदीप एस ने अपनी शिकायत में दावा किया कि बेंगलुरु पहुंचने पर कॉलेज के एक प्रतिनिधि ने उन्हें सूचित किया कि उनके बेटे की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और यह कॉलेज के छात्रावास में आत्महत्या का मामला है।
उन्होंने दावा किया, ‘हालांकि, मुझे पूरा विश्वास है कि मेरा बेटा ऐसा कदम नहीं उठाता। वह अच्छे चरित्र का और मानसिक रूप से मजबूत था। इसलिए, मुझे उसकी मौत में किसी साजिश का गहरा संदेह लगता है।’
छात्र के पिता ने लगभग 20 दिन पहले घटी एक घटना का भी जिक्र किया जब उनके बेटे ने उन्हें बताया था कि उनके हॉस्टल के कुछ साथी मादक पदार्थ के सेवन में शामिल थे और हॉस्टल अधिकारियों द्वारा पकड़े गए थे।
उन्होंने कहा, ‘उनके साथ साथ मेरे बेटे को भी चेतावनी दी गई थी, हालांकि वह निर्दोष था और घटना में शामिल नहीं था। यह स्थिति वर्तमान मामले के लिए प्रासंगिक हो सकती है।’
शिकायतकर्ता ने पुलिस से मामले की पूरी और निष्पक्ष जांच करने और उचित कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
पुलिस ने बताया कि हेब्बागुडी पुलिस थाने में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच जारी है और सभी आरोपों की छानबीन की जा रही है।
भाषा तान्या नरेश
नरेश

Facebook


