केरल विधानसभा चुनाव में 85 फीसदी से अधिक रिकॉर्ड मतदान सुनिश्चित करने की योजना: सीईओ केलकर

Ads

केरल विधानसभा चुनाव में 85 फीसदी से अधिक रिकॉर्ड मतदान सुनिश्चित करने की योजना: सीईओ केलकर

  •  
  • Publish Date - March 13, 2026 / 02:37 PM IST,
    Updated On - March 13, 2026 / 02:37 PM IST

तिरुवनंतपुरम, 13 मार्च (भाषा) केरल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) रतन यू केलकर ने शुक्रवार को कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव की सावधानीपूर्वक योजना बनाई जाएगी और उसे क्रियान्वित किया जाएगा ताकि 85 प्रतिशत से अधिक का रिकॉर्ड मतदान सुनिश्चित हो सके तथा मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

जिला निर्वाचन अधिकारियों (डीईओ) के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण सत्र का उद्घाटन करने के बाद केलकर ने तिरुवनंतपुरम में पत्रकारों से कहा कि इस वर्ष निर्वाचन आयोग (ईसी) का प्राथमिक उद्देश्य 1987 के विधानसभा चुनाव के ऐतिहासिक 80.5 प्रतिशत मतदान के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ना है।

उन्होंने कहा कि उस रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए मतदान केंद्रों को और अधिक आकर्षक बनाया जाएगा ताकि ‘‘लोकतंत्र का उत्सव’’ महज नारा नहीं रहे बल्कि यह मतदाताओं के लिए एक अनुभव में परिवर्तित हो सके।

सीईओ ने कहा कि निर्वाचन आयोग ने 85 प्रतिशत मतदान का लक्ष्य दिया है, ‘‘लेकिन हम इसे पार करने का इरादा रखते हैं।’’

उन्होंने यह भी कहा कि मतदाता सूची को अद्यतन करने की प्रक्रिया भी अपने अंतिम चरण में है, विशेष गहन पुनरीक्षण(एसआईआर) के पूरा होने के बाद 15 लाख से अधिक आवेदन जमा किए गए हैं।

सीईओ ने कहा कि चुनाव तिथियों की आधिकारिक घोषणा होते ही आदर्श आचार संहिता तुरंत प्रभाव से लागू हो जाएगी।

भाषा सुरभि नरेश

नरेश