केरल: विजयन के आवास के बाहर प्रदर्शन; माकपा, डीवाईएफआई कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
केरल: विजयन के आवास के बाहर प्रदर्शन; माकपा, डीवाईएफआई कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
कन्नूर (केर), 29 मई (भाषा) केरल पुलिस ने 27 मई को विपक्ष के नेता पिनराई विजयन के आवास के बाहर हुए विरोध प्रदर्शन के संबंध में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया (डीवाईएफआई) के 20 कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों का यह समूह सुबह पिनराई गांव में पूर्व मुख्यमंत्री के आवास के बाहर एक सार्वजनिक सड़क पर इकट्ठा हुआ और विपक्ष के नेता के आवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कथित छापेमारी के विरोध में प्रदर्शन किया।
प्राथमिकी में कहा गया है कि प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर इलाके में यातायात अवरुद्ध किया, पैदल यात्रियों के लिए बाधा उत्पन्न की और भड़काऊ नारे लगाए।
पुलिस ने कहा कि समूह को कानूनी प्रक्रिया के अनुसार हटने का निर्देश दिया गया था लेकिन उन्होंने इसका पालन नहीं किया।
यह मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 189(2), 189(3), 285 और 190 के तहत दर्ज किया गया है।
ईडी की छापेमारी विजयन की बेटी की कंपनी और एक रेत खनन कंपनी के बीच हुए वित्तीय लेन-देन से जुड़ी थी।
विजयन की बेटी वीना टी. से जुड़े सीएमआरएल धन शोधन मामले की जांच के तहत ईडी ने बुधवार को केरल में विजयन के तिरुवनंतपुरम स्थित किराये के आवास और कन्नूर स्थित उनके स्थायी आवास सहित कुल 10 परिसरों पर छापा मारा था।
भाषा सुरभि रंजन
रंजन

Facebook


