‘केरल स्टोरी 2’ में केरल का अपमान करने के लिए ‘मनगढ़ंत कहानियां’ गढ़ी गयी:के.सी. वेणुगोपाल

Ads

'केरल स्टोरी 2' में केरल का अपमान करने के लिए 'मनगढ़ंत कहानियां' गढ़ी गयी:के.सी. वेणुगोपाल

  •  
  • Publish Date - February 19, 2026 / 01:52 PM IST,
    Updated On - February 19, 2026 / 01:52 PM IST

तिरुवनंतपुरम, 19 फरवरी (भाषा) कांग्रेस के महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि आगामी फिल्म ‘केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड’ का उद्देश्य लोगों को केरल में जबरन गोमांस खिलाए जाने जैसी “झूठी कहानियां गढ़कर” राज्य का अपमान करना और सांप्रदायिक रूप से विभाजन पैदा करना है।

फिल्म के ट्रेलर का उल्लेख करते हुए, अलप्पुझा से सांसद वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि यह राज्य के बारे में विश्व स्तर पर गलतफहमी पैदा करने की एक ‘सुनियोजित चाल’ है।

फेसबुक पर एक पोस्ट में, कांग्रेस महासचिव ने कहा कि भाजपा सरकार ने फिल्म के पहले भाग को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया था। पहला भाग भी पूरी तरह से झूठ पर आधारित था। भाजपा इस तरह के नफरत भरे अभियानों को बढ़ावा दे रही है।

वेणुगोपाल ने अपने पोस्ट में तर्क दिया, ‘केंद्र सरकार द्वारा पूरे राज्य का मजाक उड़ाने वाली फर्जी रचनाओं को आधिकारिक रूप से सम्मानित करना और बढ़ावा देना स्वयं लोकतंत्र के लिए खतरा है। संघ परिवार द्वारा प्रायोजित ऐसे झूठ केरल की धर्मनिरपेक्ष मानसिकता को तोड़ नहीं सकते।’

उन्होंने तर्क दिया कि फिल्म के बेबुनियाद दृश्य, जिनमें लोगों को जबरन गोमांस खाने के लिए मजबूर किया जा रहा है, का उद्देश्य धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना और समाज में नफरत फैलाना है।

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘धर्मनिरपेक्षता और भोजन या पहनावे के आधार पर लोगों के बीच भेदभाव न करने के लिए जाने जाने वाले राज्य को इस तरह से चित्रित करना बेहद आपत्तिजनक है।’

वेणुगोपाल ने कहा कि केरल की जनता को इस तरह के ‘विषाक्त अभियानों’ को पूरी तरह से नकार देना चाहिए।

मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने बुधवार को ‘द केरल स्टोरी’ के दूसरे भाग की आगामी रिलीज पर चिंता व्यक्त करते हुए दावा किया कि इसका पहला भाग राज्य के प्रति नफरत फैलाने और इसकी धर्मनिरपेक्ष परंपरा को कमजोर करने के इरादे से बनाया गया था।

पहली फिल्म, ‘द केरल स्टोरी’ ने 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ निर्देशन और सर्वश्रेष्ठ छायांकन का पुरस्कार जीता।

कामाख्या नारायण सिंह द्वारा निर्देशित ‘केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड’ का टीजर हाल में जारी किया गया।

भाषा तान्या मनीषा नोमान

नोमान