केरल:माकपा के विरोध के बाद भी यूडीएफ सरकार तिरुनवनंतपुरम चिड़ियाघर स्थानांतरण योजना पर आगे बढ़ी

Ads

केरल:माकपा के विरोध के बाद भी यूडीएफ सरकार तिरुनवनंतपुरम चिड़ियाघर स्थानांतरण योजना पर आगे बढ़ी

  •  
  • Publish Date - September 18, 2026 / 04:37 PM IST,
    Updated On - September 18, 2026 / 04:37 PM IST

तिरुवनंतपुरम, 18 सितंबर (भाषा) केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के विरोध के बावजूद तिरुवनंतपुरम चिड़ियाघर को दूसरी जगह ले जाने की योजना पर आगे बढ़ती दिख रही है।

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन ने शुक्रवार को कहा कि चिड़ियाघर को जिले में नेय्यार से सटे वन क्षेत्र में ले जाने का काम आसानी से पूरा कर लिया जाएगा।

हाल में मुख्यमंत्री वी डी सतीशन ने कहा था कि सरकार चिड़ियाघर को तिरुवनंतपुरम के बाहर नेय्यार जैसी जगह पर ले जाने पर विचार कर रही है, जहां जानवरों के लिए बेहतर सुविधाएं दी जा सकें।

हालांकि माकपा नेताओं ने इस प्रस्ताव पर आपत्ति जताई और आरोप लगाया कि इस कदम के पीछे व्यावसायिक हित हैं जबकि चिड़ियाघर राज्य की राजधानी के बीचों-बीच स्थित है।

तिरुवनंतपुरम के महापौर भाजपा नेता वी.वी. राजेश ने भी सरकार के प्रस्ताव का समर्थन किया था।

मुरलीधरन ने पत्रकारों से कहा कि चिड़ियाघर को दूसरी जगह ले जाने से जानवरों को बेहतर माहौल मिलेगा और इससे तिरुवनंतपुरम का महत्व भी कम नहीं होगा।

उन्होंने कहा, ‘‘जब पहले त्रिशूर चिड़ियाघर को दूसरी जगह ले जाया गया था, तो कोई समस्या नहीं हुई थी। क्या उससे चिड़ियाघर या त्रिशूर का महत्व कम हुआ? नहीं। कनककुन्नु से आने वाली आवाज़ और निशागांधी के शोर-शराबे और माइक्रोफ़ोन की आवाज़ से जानवरों को बहुत परेशानी होती है। इसलिए, इसे नेय्यार बांध के पास ले जाना कहीं बेहतर होगा।’’

मंत्री ने कहा, ‘‘इस कदम से तिरुवनंतपुरम का महत्व किसी भी तरह से कम नहीं होगा। राजधानी का अपना महत्व है। इसलिए, चिड़ियाघर को दूसरी जगह ले जाने में कोई बुराई नहीं है।’’

उन्होंने व्यावसायिक हितों के आरोपों को खारिज कर दिया।

भाषा राजकुमार मनीषा

मनीषा