कोझिकोड (केरल), 15 अप्रैल (भाषा) केरल के मुथुकड़ इलाके में बुधवार को एक कार शेड को नुकसान पहुंचाने के दौरान लोहे की पाइप छाती में धंसने से एक जंगली हाथी की मौत हो गई। वन अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना बुधवार तड़के उस समय हुई जब हाथियों का एक झुंड पेरुवन्नामुझी जलाशय के जलग्रहण क्षेत्र के पास एक आवासीय इलाके में घुस आया।
वन विभाग के कर्मचारी हाथियों को वापस खदेड़ने के लिए आधी रात के बाद करीब दो बजे मौके पर पहुंचे थे।
अभियान के दौरान, हाथियों में से एक ने अधिकारियों पर हमला कर दिया, जिसके बाद उन्होंने एक घर में छिपकर अपनी जान बचाई।
अधिकारियों ने बताया कि हाथी ने बाद में परिसर में बने एक कार शेड को तोड़ने की कोशिश की, उसी दौरान लोहे की एक पाइप उसकी छाती में धंस गई।
दर्द से तड़पता हुआ हाथी परिसर से बाहर निकला और कुछ ही दूरी पर गिर गया, जहां उसकी मौत हो गई।
वन विभाग ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है।
अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव का निस्तारण किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि इस इलाके में हाथियों का आना एक आम समस्या है।
भाषा सुमित रंजन
रंजन