केरल : नीट समेत विभिन्न परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर युवा कांग्रेस का प्रदर्शन

केरल : नीट समेत विभिन्न परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर युवा कांग्रेस का प्रदर्शन

केरल : नीट समेत विभिन्न परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर युवा कांग्रेस का प्रदर्शन
Modified Date: July 24, 2026 / 03:49 pm IST
Published Date: July 24, 2026 3:49 pm IST

तिरुवनंतपुरम/कोल्लम, 24 जुलाई (भाषा) केरल में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने नीट तथा अन्य विभिन्न परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में दिल्ली में चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के आंदोलन के समर्थन में कोल्लम के प्रधान डाकघर तक विरोध मार्च निकाला।

वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की युवा इकाई युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने राजधानी तिरुवनंतपुरम में मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास ‘क्लिफ हाउस’ की ओर मार्च करते हुए लोक सेवा आयोग (पीएससी) की नियुक्तियों के मुद्दे पर हस्तक्षेप नहीं करने को लेकर मुख्यमंत्री पर ‘दोहरा मापदंड’ अपनाने का आरोप लगाया।

कांग्रेस की युवा इकाई के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।

टेलीविजन चैनलों पर प्रसारित दृश्यों के अनुसार, कांग्रेस कार्यकर्ताओं को डाकघर तक पहुंचने से रोकने के लिए पुलिस द्वारा लगाए गए अवरोधकों पर भी प्रदर्शनकारी चढ़ गए।

बाद में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता अवरोधक पार कर डाकघर परिसर में दाखिल हुए और मुख्य द्वार के बाहर धरना-प्रदर्शन किया।

तिरुवनंतपुरम में भाजपा के युवा मोर्चा के प्रदर्शनकारियों को देवस्वओम बोर्ड जंक्शन के पास पुलिस द्वारा लगाए गए अवरोधक पर रोक दिया गया।

वहां एकत्र भाजपा के युवा मोर्चा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में केंद्र सरकार के खिलाफ कॉजपा द्वारा आयोजित विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस और राहुल गांधी की कथित भागीदारी को लेकर उनके खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए कई बार पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया।

भाजपा के युवा मोर्चा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए, लेकिन राज्य लोक सेवा आयोग (पीएससी) की नियुक्तियों से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए कोई कदम नहीं उठा रहे हैं।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा के युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सतीशन की तस्वीर वाले पोस्टर और तख्तियां भी प्रदर्शित कीं, जिन पर मुख्यमंत्री पर ‘‘दोहरा मापदंड’’ अपनाने का आरोप लगाया गया था।

इससे पहले, बृहस्पतिवार को मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के छात्र संगठन स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) ने भी दिल्ली में कॉजपा के आंदोलन के समर्थन में केरल के विभिन्न हिस्सों में प्रदर्शन किए थे। इसके तहत तिरुवनंतपुरम में ‘लोक भवन’ तक मार्च भी निकाला गया।

भाषा रवि कांत रवि कांत पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में