नवाचार को बढ़ावा देने के लिए आयोजित संगोष्ठी में प्रमुख हितधारकों ने किया संवाद
नवाचार को बढ़ावा देने के लिए आयोजित संगोष्ठी में प्रमुख हितधारकों ने किया संवाद
जयपुर, 19 जून (भाषा) केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने देश के स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत बनाने और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को यहां संगोष्ठी का आयोजन किया।
उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) के अतिरिक्त सचिव अतीश कुमार सिंह ने कहा कि भारत की नवाचार यात्रा के अगले दशक को आकार देने में राजस्थान की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
इस संगोष्ठी का आयोजन केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने राजस्थान सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के सहयोग से किया।
आधिकारिक बयान के अनुसार, सिंह ने राजस्थान के स्टार्टअप और नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र से जुड़े प्रमुख हितधारकों के साथ संवाद किया। इस दौरान राज्य के उद्यमिता परिदृश्य, उभरते अवसरों और चुनौतियों पर चर्चा की गई तथा नवाचार, उद्यमिता और सतत आर्थिक विकास को बढ़ावा देने में राज्य सरकार की पहलों की महत्वपूर्ण भूमिका पर विचार-विमर्श किया गया।
उन्होंने पिछले एक दशक में ‘स्टार्टअप इंडिया’ की परिवर्तनकारी यात्रा पर प्रकाश डाला, पहल के अंतर्गत हासिल की गई प्रमुख उपलब्धियों को रेखांकित किया तथा केंद्र और राज्य सरकारों के बीच मजबूत सहयोग, नवाचार और उद्यमिता पर आधारित विकास के अगले चरण की रूपरेखा प्रस्तुत की।
सिंह ने कहा, ‘‘स्टार्टअप इंडिया पहल के 10 वर्ष और इस सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के इस महत्वपूर्ण अवसर पर, राजस्थान की उपलब्धियां उद्यमिता और नवाचार को बढ़ावा देने के प्रति उसकी निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।’’
इस अवसर पर स्टार्टअप इंडिया टीम द्वारा स्टार्टअप के लिए उपलब्ध विभिन्न योजनाओं, पहलों और सहायता तंत्रों पर एक प्रस्तुति भी दी गई।
भाषा पृथ्वी शफीक
शफीक

Facebook


