खरगे ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया

Ads

खरगे ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया

  •  
  • Publish Date - June 5, 2026 / 02:12 PM IST,
    Updated On - June 5, 2026 / 02:12 PM IST

बेंगलुरु, पांच जून (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को कर्नाटक से राज्यसभा चुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवार के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया।

‘विधान सौध’ में उनके नामांकन दाखिल करने के अवसर पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार, पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला और के सी वेणुगोपाल तथा राज्य सरकार के कई मंत्री मौजूद थे।

अधिकारियों ने बताया कि नामांकन पत्र विधानसभा सचिव एम के विशालाक्षी को सौंपे गए।

खरगे वर्तमान में राज्यसभा में विपक्ष के नेता हैं और संसद के उच्च सदन में उनका कार्यकाल 25 जून को समाप्त हो रहा है।

पार्टी ने कर्नाटक से राज्यसभा चुनाव के लिए खरगे के अलावा पवन खेड़ा और मंसूर अली खान को मैदान में उतारा है।

खेड़ा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मीडिया और प्रचार विभाग के प्रमुख हैं।

खान वर्तमान में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव हैं। उन्होंने 2024 का लोकसभा चुनाव बेंगलुरु सेंट्रल निर्वाचन क्षेत्र से लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि दोनों खेड़ा और खान बाद में नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।

राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि आठ जून है।

भाषा हक

हक मनीषा

मनीषा