कोलकाता, 19 सितंबर (भाषा) कोलकाता पुलिस का एक कमांडो शनिवार को यहां पुलिस प्रशिक्षण स्कूल (पीटीएस) के एक शौचालय के अंदर फंदे से लटका पाया गया। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान दीपक तमांग (49) के रूप में हुई है, जो कमांडो बैरक की चौथी मंजिल के शौचालय में एक ओवरहेड पाइपलाइन से लटके हुए पाये गये। तमांग राज्य के उत्तरी हिस्से के कलिम्पोंग जिले के रहने वाले थे।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, शौचालय कुछ समय से अंदर से बंद था, जिससे उनके साथियों को संदेह हुआ। जब बार-बार आवाज देने पर भी अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो साथियों ने दरवाजा तोड़ा और तमांग को अंदर फंदे से लटका हुआ पाया।
तमांग के साथी उन्हें नीचे उतारकर एसएसकेएम अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अधिकारी ने कहा, ‘‘प्राथमिक जांच से संकेत मिलता है कि तमांग ने आत्महत्या की है, लेकिन उन्होंने ऐसा क्यों किया इसका पता नहीं चल पाया है।’’
अधिकारी ने कहा, ‘‘इस स्तर पर हम इस घटना के सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रहे हैं। उनकी मौत की परिस्थितियों की जांच की जा रही है, और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट को भी ध्यान में रखा जाएगा।’’
कलिम्पोंग के सत माइल क्षेत्र निवासी तमांग कई वर्षों से कोलकाता पुलिस कमांडो फोर्स में सेवा दे रहे थे और उनके साथी उन्हें एक कुशल और अनुभवी कर्मी मानते थे।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि गले पर फंदे के निशान और अन्य शुरुआती संकेत आत्महत्या की ओर इशरा करते है। हालांकि मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और कलिम्पोंग में उनके परिवार को घटना की सूचना दे दी गई है।
खबर लिखे जाने तक इस मौत के संबंध में कोई लिखित शिकायत या प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है, लेकिन पुलिस ने प्रक्रिया के तहत इस अस्वाभाविक मौत मामले की जांच शुरू कर दी है।
भाषा शोभना सुरेश
सुरेश