कोटा: विवेकानंद की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने को लेकर एनएसयूआई और एबीवीपी कार्यकर्ताओं में झड़प
कोटा: विवेकानंद की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने को लेकर एनएसयूआई और एबीवीपी कार्यकर्ताओं में झड़प
कोटा, 10 जुलाई (भाषा) राजस्थान के कोटा स्थित एक सरकारी कॉलेज परिसर में विवेकानंद की प्रतिमा को कथित रूप से पहुंचे नुकसान को लेकर शुक्रवार दोपहर नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई, जिससे तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई ने आरोप लगाया कि एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने उन पर लोहे की छड़ों से हमला किया और कुछ महिला सदस्यों के बाल खींचे।
वहीं, एबीवीपी ने इन आरोपों को गलत बताया।
नयापुरा क्षेत्राधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच कुछ समय तक मारपीट हुई लेकिन इस झड़प में किसी को चोट नहीं आई।
अधिकारी ने बताया कि दोनों गुटों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दी है लेकिन अभी तक कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
आरएसएस की छात्र इकाई एबीवीपी ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय छात्र दिवस के अवसर पर स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और कॉलेज परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया।
एनएसयूआई ने आरोप लगाया कि एबीवीपी के कार्यक्रम के दौरान प्रतिमा को नुकसान पहुंचा।
वहीं, एबीवीपी का कहना था कि प्रतिमा पहले से ही खराब हालत में थी और उसे हुआ कोई भी अतिरिक्त नुकसान ‘दुर्घटनावश’ हुआ।
घटना की सूचना मिलने के बाद नयापुरा थाना पुलिस कॉलेज परिसर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
एबीवीपी और एनएसयूआई दोनों ने पुलिस को अलग-अलग शिकायतें दी हैं।
भाषा जितेंद्र शोभना
शोभना

Facebook


