हाड़ौती क्षेत्र के लिए प्रगति के नए अवसर लेकर आएगा कोटा का नया हवाई अड्डा : प्रधानमंत्री मोदी
हाड़ौती क्षेत्र के लिए प्रगति के नए अवसर लेकर आएगा कोटा का नया हवाई अड्डा : प्रधानमंत्री मोदी
कोटा, सात मार्च (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि कोटा का नया हवाई अड्डा हाड़ौती क्षेत्र और आसपास के जिलों के लिए प्रगति के नए अवसर लेकर आएगा।
उन्होंने कहा कि हवाई संपर्क का ये नया अध्याय कोटा के विकास को और गति देगा।
बूंदी जिले के शंभूपुरा में नए ‘ग्रीनफील्ड’ हवाई अड्डे के शिलान्यास के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने अपने वीडियो संदेश में यह बात की। राजस्थान के हाड़ौती इलाके में कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ शामिल हैं।
मोदी ने कहा, ”आज का दिन कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ सहित पूरे हाड़ौती क्षेत्र के लिए, एक नयी आशा और नयी उपलब्धि का दिन है। करीब डेढ़ हजार करोड़ रुपये से बनने जा रहा ये आधुनिक हवाई अड्डा, आने वाले समय में पूरे क्षेत्र के विकास को नयी गति देने वाला है।”
उन्होंने कहा कि ये क्षेत्र अपने परिश्रम, उत्पादन और संभावनाओं के लिए जाना जाता है, अब कोटा का ये नया हवाई अड्डा यहां की संभावनाओं को कई गुना बढ़ाने का काम करेगा। मोदी ने कहा कि जब हवाई कनेक्टिविटी बढ़ेगी तो देश और दुनिया से पर्यटक यहां आएंगे और इसका सीधा लाभ यहां के युवाओं, व्यापारियों और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा।
प्रधानमंत्री ने इस इलाके में बुनियादी ढांचे के विकास का जिक्र करते हुए कहा कि कोटा आज कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेजी से चारों तरफ जुड़ रहा है और आगे बढ़ रहा है।
मोदी ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कोटा के दोनों प्रमुख रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कोटा और बूंदी से होकर गुजर रहा दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पूरे क्षेत्र के विकास का नया द्वार खोल रहा है। अब दिल्ली, वडोदरा और मुंबई जैसे बड़े शहरों की दूरी महज कुछ घंटों की रह गई है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बेहतर सड़क और रेल कनेक्टिविटी के कारण यहां नए उद्योग स्थापित हो रहे हैं। विशेष रूप से कृषि आधारित उद्योगों के लिए यह क्षेत्र एक बड़ा केंद्र बनेगा। रेल और सड़क के बाद हवाई कनेक्टिविटी का ये नया अध्याय कोटा के विकास को और गति देगा।
उन्होंने कहा,”कोटा हवाई अड्डा पूरे हाड़ौती क्षेत्र और आसपास के जिलों के लिए प्रगति के नए अवसर लेकर आएगा।”
शिलान्यास कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू व राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी मौजूद थे।
भाषा
पृथ्वी
रवि कांत

Facebook


