कुकी-जो वूमेन्स फोरम ने किया दिल्ली में प्रदर्शन, मणिपुर में की अलग प्रशासन की मांग
कुकी-जो वूमेन्स फोरम ने किया दिल्ली में प्रदर्शन, मणिपुर में की अलग प्रशासन की मांग
नयी दिल्ली, 28 जुलाई (भाषा) कुकी-जो वूमेन्स फोरम ने दिल्ली में जंतर मंतर पर शुक्रवार को प्रदर्शन किया और मणिपुर के पर्वतीय जिलों पर रहने वाली आदिवासी आबादी के लिए अलग प्रशासन की मांग की।
प्रदर्शन में कई लोग शामिल हुए। कुछ प्रदर्शनकारियों ने खास तरह की टी-शर्ट पहन रखी थी जिनपर लिखा था, ”अलग प्रशासन ही एकमात्र समाधान है।” इस प्रदर्शन में शामिल हुए कई लोग अपनी पारंपरिक वेशभूषा में दिखे।
मणिपुर में अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने की मेइती समुदाय की मांग के विरोध में पर्वतीय जिलों में तीन मई को आयोजित ‘आदिवासी एकजुटता मार्च’ के दौरान हिंसा भड़कने के बाद से राज्य में अब तक 160 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं तथा कई अन्य घायल हुए हैं।
राज्य में मेइती समुदाय की आबादी करीब 53 प्रतिशत है और वे मुख्य रूप से इंफाल घाटी में रहते हैं। वहीं, नगा और कुकी जैसे आदिवासी समुदायों की आबादी 40 प्रतिशत है और वे अधिकतर पर्वतीय जिलों में रहते हैं।
भाषा
अभिषेक माधव
माधव

Facebook


