कुमारस्वामी ने निर्वाचन आयोग से मतभेद की खबरों पर स्पष्टीकरण देने का आग्रह किया

कुमारस्वामी ने निर्वाचन आयोग से मतभेद की खबरों पर स्पष्टीकरण देने का आग्रह किया

कुमारस्वामी ने निर्वाचन आयोग से मतभेद की खबरों पर स्पष्टीकरण देने का आग्रह किया
Modified Date: September 26, 2026 / 09:18 pm IST
Published Date: September 26, 2026 9:18 pm IST

बेंगलुरु, 26 सितंबर (भाषा) जनता दल (सेक्युलर) के नेता एच. डी. कुमारस्वामी ने शनिवार को निर्वाचन आयोग से आग्रह किया कि वह अपने तीन शीर्ष अधिकारियों के बीच मतभेद की खबरों पर स्थिति स्पष्ट करे तथा संस्था की साख की रक्षा के लिए जनता के सामने तथ्य रखे।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग एक जिम्मेदार संवैधानिक संस्था है जिसने पिछले 78 वर्ष में देश में लोकतंत्र को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

कांग्रेस ने मीडिया में आई खबर का हवाला देते हुए आरोप लगाया है कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने अन्य दो चुनाव आयुक्तों की आपत्तियों के बावजूद कई एकतरफा फैसले लिए। कांग्रेस के आरोपों पर प्रतिक्रिया मांगे जाने पर कुमारस्वामी ने यह बात कही।

उन्होंने यह दावा भी किया कि इस प्रक्रिया के परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटा दिए गए।

पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा के नेतृत्व वाली जद (एस) राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का हिस्सा है।

कुमारस्वामी ने संवाददाताओं से कहा, “मीडिया में तीनों—सीईसी और दो आयुक्तों- के बीच मतभेदों के बारे में खबरें हैं। कांग्रेस नेता इसे एक बड़ा अपराध मान रहे हैं और देशभर में विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने सत्ता में रहते हुए क्या किया था, मैं उस पर चर्चा नहीं करना चाहता।”

हालांकि, उन्होंने कहा कि आयोग को यह स्पष्ट करना चाहिए कि क्या हुआ है।

उन्होंने कहा, “मेरी निर्वाचन आयोग से अपील यह है: इन मतभेदों की वजह क्या है? इन घटनाक्रम के पीछे की सच्चाई क्या है? उन्हें देश की जनता को बताना चाहिए कि वास्तविक तथ्य क्या हैं।”

कुमारस्वामी ने कहा, “निर्वाचन आयोग को जनता के सामने तथ्य रखने चाहिए और संस्था की साख की रक्षा करनी चाहिए।”

भाषा जोहेब नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में