नीतिश को आया गुस्सा, लालू यादव को फोन नहीं करने का लिया संकल्प, जानिए माजरा

Ads

नीतिश को आया गुस्सा, लालू यादव को फोन नहीं करने का लिया संकल्प, जानिए माजरा

  •  
  • Publish Date - July 10, 2018 / 04:33 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 07:59 PM IST

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड के अध्यक्ष नीतीश कुमार को गुस्सा आ गया है और उन्होंने लालू यादव को कभी फोन नहीं करने का संकल्प ले लिया है। दरअसल, नीतिश कुमार इस बात से नाराज है कि उन्होंने बीमार लालू यादव का हालचाल जानने के लिए चार बार फोन किया था, लेकिन इसका राजनीतिक दुष्प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनके लिए नो एंट्री का बोर्ड लगाने की बात कहना हास्यास्पद है। वे चाहते हैं कि लालू जी स्वस्थ रहें। उन्होंने कहा कि उनसे राजनीतिक मतभेद है, व्यक्तिगत तौर पर क्या मतभेद हो सकता है? मुख्यमंत्री ने कहा कि वो अक्सर शादी विवाह में उनके घर जाते रहे हैं।

ये भी पढ़ें- मुंबई में बारिश से हालात बिगड़े, रेल-सड़क पानी-पानी, स्कूलों में छुट्टियां

नीतीश ने कहा कि मैंने चार बार लालू यादव की तबीयत के बारे में जानने के लिए फोन किया लेकिन अब फोन नहीं करूंगा। उनके स्वास्थ्य के बारे में अब अखबार पढ़कर ही जानकारी हासिल कर लूंगा।  उल्लेखनीय है कि लालू यादव लंबे समय से बीमार चल रहे हैं। उनका इलाज मुंबई के एशियन हार्ट हॉस्पिटल में चल रहा है। वो मुंबई से पटना लौटे हैं। पिछले महीने की 26 जून को नीतीश कुमार ने लालू यादव से तबीयत जानने के लिए फोन पर बातचीत की थी। तब लालू यादव के छोटे बेटे तेजस्वी यादव ने कहा था कि नीतीश कुमार ने बहुत देर से शिष्टाचार कॉल की। लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने भी कहा था कि चाचा के लिए गठबंधन में आने के रास्ते बंद हो चुके हैं।

ये भी पढ़ें- झारखंड में जबरन धर्मांतरण का आरोप, 7 महिलाओं समेत 16 गिरफ्तार

 नीतीश कुमार ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि अगर कोई किसी से बात करेगा और उसका गलत अर्थ निकाला जाएगा तो कोई किसी को दोबारा फोन क्यों करेगा। उन्होंने इस तरह के आचरण को ओछा करार दिया। उन्होंने कहा कि उनकी किसी के साथ कोई चिढ़ या दुश्मनी नहीं है। नीतीश ने नो एंट्री की सवाल पर कहा कि तेज प्रताप मीडिया में सुर्खियां पाने के लिए ऐसे बयान देते रहते हैं।

 वेब डेस्क IBC 24