बीजापुर में बारूदी सुरंग बरामद, सुकमा में चार नक्सली गिरफ्तार

बीजापुर में बारूदी सुरंग बरामद, सुकमा में चार नक्सली गिरफ्तार

बीजापुर में बारूदी सुरंग बरामद, सुकमा में चार नक्सली गिरफ्तार
Modified Date: August 30, 2025 / 11:04 pm IST
Published Date: August 30, 2025 11:04 pm IST

बीजापुर/सुकमा, 30 अगस्त (भाषा) छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने शनिवार को नक्सलियों द्वारा बिछाई गई बारूदी सुरंग बरामद की। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाबलों ने शुक्रवार को सुकमा जिले में एक इनामी नक्सली समेत चार नक्सलियों को गिरफ्तार किया।

अधिकारियों ने बताया कि बीजापुर जिले के अंतर्गत बीजापुर थाना क्षेत्र के गोरना से मनकेली गांव के बीच जब सुरक्षाबल के जवान गश्त में थे तब उन्हें सड़क में बारूदी सुरंग होने की जानकारी मिली।

उन्होंने बताया कि दस किलोग्राम आईईडी स्टील के टिफिन में रखा गया था, इसमें ‘कमांड स्विच मैकेनिज्म’ का इस्तेमाल किया गया था। सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाने के लिए जमीन के नीचे 70 से 80 मीटर लंबे बिजली के तार से टिफिन को जोड़ा गया था।

अधिकारियों ने बताया कि बाद में सुरक्षाबलों ने इसे नष्ट कर दिया।

बीजापुर सहित बस्तर क्षेत्र के अंदरूनी इलाकों में गश्त के दौरान सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के लिए माओवादी सड़कों और कच्चे रास्तों के किनारे बारूदी सुरंग लगाते हैं।

वहीं क्षेत्र के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को सुकमा जिले के केरलापाल थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने चार नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया। नक्सलियों से विस्फोटक बरामद किया गया है।

उन्होंने बताया कि चारों नक्सलियों में से मुचाकी देवा (29) माओवादी संगठन में मिलिशिया कमांडर के रूप में सक्रिय था। उस पर दो लाख रूपए का इनाम है। जबकि तीन अन्य निचले स्तर के माओवादी हैं।

अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाबलों ने नक्सलियों से पांच-पांच किलोग्राम वजन के दो टिफिन बम, चार डेटोनेटर, चार जिलेटिन रॉड, चार पेंसिल सेल, बिजली के तार और कॉर्डेक्स तार बरामद किया है।

भाषा सं संजीव शोभना

शोभना


लेखक के बारे में