शिमला, 28 सितंबर (भाषा) शिमला के जांगलिख इलाके में सोमवार को भूस्खलन के बाद कई गांवों का संपर्क टूट गया और यातायात बाधित हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
अधिकारियों के अनुसार, रविवार से ही पहाड़ी से पत्थर गिर रहे थे। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि भूस्खलन के कारण आसपास के कुछ गांवों का संपर्क टूट गया और यातायात की आवाजाही प्रभावित हुई। इससे सुंदरू खड्ड का पानी कुछ घंटों के लिए रुक गया था, लेकिन अब जल प्रवाह बहाल हो गया है।
स्थानीय लोगों से सूचना मिलने के बाद रोहड़ू के उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) धर्मेश रामोत्रा के नेतृत्व में जिला प्रशासन की एक टीम मौके पर पहुंची और बहाली का काम शुरू किया गया।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे पब्बर नदी और आसपास के खड्डों के पास जाने से बचें, खासकर जांगलिख क्षेत्र में।
भाषा गोला अविनाश
अविनाश